1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान ने एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम का किया ऐलान, 30 साल के धाकड़ खिलाड़ी को बनाया कप्तान

पाकिस्तान ने एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम का किया ऐलान, 30 साल के धाकड़ खिलाड़ी को बनाया कप्तान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 10, 2026 10:07 am IST,  Updated : Jun 10, 2026 11:07 am IST

एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। पाकिस्तान टीम की कप्तानी 30 साल के धाकड़ बल्लेबाज को सौंपी गई है।

Pakistan - India TV Hindi
पाकिस्तान क्रिकेट Image Source : AP

Asian Games 2026: इस साल एशियन गेम्स 2026 का आयोजन होने जा रहा है, जिसके लिए पाकिस्तान ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने ये जानकारी दी। PCB ने एशियन गेम्स के लिए अपनी 15 सदस्यीय मेन्स टीम की घोषणा की है। इस बार टीम की कमान अनुभवी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को सौंपी गई है, जबकि अब्दुल समद को उपकप्तान बनाया गया है। जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में पाकिस्तान की नजर गोल्ड मेडल पर होगी। हालांकि, पाकिस्तान को मजबूत भारतीय टीम से कड़ी चुनौती मिलेगी। भारत की ओर से टीम का ऐलान पहले ही किया जा चुका है, जिसमें श्रेयस अय्यर को कप्तान नियुक्त किया गया। 

बता दें, एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में किया जाएगा। मेन्स क्रिकेट प्रतियोगिता T20 फॉर्मेट में खेली जाएगी, जिसमें 10 टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबले आइची प्रीफेक्चर के कोरोगी एथलेटिक पार्क में आयोजित होंगे। क्रिकेट इवेंट की शुरुआत 24 सितंबर से होगी, जबकि मेडल मैच 3 अक्टूबर को खेले जाएंगे।

साहिबजादा संभालेंगे टीम की कमान

30 साल के साहिबजादा फरहान पाकिस्तान के लिए अब तक 46 T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 1305 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। घरेलू क्रिकेट और T20 लीगों में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है।

कई नए चेहरों को मिला मौका

वहीं, उपकप्तान बनाए गए अब्दुल समद पाकिस्तान के लिए पांच T20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। टीम में कई युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है। खास बात यह है कि आकिफ जावेद, अली रजा, माज सादाकत और साद मसूद ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अभी तक पाकिस्तान के लिए T20 इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का कॉम्बिनेशन तैयार करने की कोशिश की है। चुने गए 15 खिलाड़ियों में से 14 खिलाड़ी लाहौर में 15 जून से शुरू होने वाले NCA व्हाइट-बॉल कैंप का भी हिस्सा होंगे।

एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम:  साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद (उपकप्तान), अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रजा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज, माज सादाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साद मसूद, सैम अयूब, सूफियान मोकीम और उस्मान खान (विकेटकीपर)।

यह भी पढ़ें:

ICC की पॉलिसी पर भड़के पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स, अफगानिस्तान से टेस्ट स्टेटस वापस लेने की वकालत की

राहुल द्रविड़ के बाद अब मैथ्यू हेडन बने इंग्लैंड में टीम के बॉस और कोच, पहली बार होगा लीग का आयोजन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल