1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शाहीन अफरीदी ने रचा नया इतिहास, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने

शाहीन अफरीदी ने रचा नया इतिहास, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने

 Published : Sep 02, 2023 04:49 pm IST,  Updated : Sep 02, 2023 05:05 pm IST

IND vs PAK Shaheen Shah Afridi : शाहीन शाह अफरीदी ने पहले कप्तान रोहित शर्मा को आउट कर ​टीम इंडिया को पहला झटका दिया और इसके बाद विराट कोहली को भी चार रन पर पवेलियन भेज दिया। इसके साथ ही उन्होंने नया कीर्तिमान रचने का काम किया है।

Shaheen Shah Afridi and Rohit Sharma- India TV Hindi
Shaheen Shah Afridi and Rohit Sharma Image Source : AP

IND vs PAK Shaheen Shah Afridi : एशिया कप 2023 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जा रहा है। करीब चार साल बाद वनडे में इन दोनों टीमों के बीच ये मैच हो रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत ठीकठाक रही। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने संभलकर खेलना शुरू किया, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद बारिश आ गई। पांचवें ओवर में बारिश ने खलल डाला। उस वक्त तक टीम इंडिया ने बिना किसी नुकसान के 15 रन बना लिए थे। हालांकि करीब आधे घंटे बाद मैच फिर से शुरू हो गया। मैच जब दोबारा शुरू हुआ तो उम्मीद की जा रही थी कि रोहित शर्मा और शुभमन गिल पारी को आगे बढ़ाएंगे, लेकिन बारिश से जो मैदान गीला हो गया और आउटफील्ड भी धीमी हो गई। इससे रनों की गति पर विराम सा लग गया। कुछ ही देर बाद टीम इंडिया का पहला विकेट रोहित शर्मा के रूप में गिरा, उन्हें शाहीन शाह अफीरीदी ने क्लीन बोल्ड कर ​दिया। रोहित के बाद शाहीन के अगले शिकार विराट कोहली बने। इसके साथ ही शाहीन अफरीदी ने एक नया इतिहास रच दिया, जो इससे पहले वनडे क्रिकेट में कभी नहीं हुआ था। 

रोहित शर्मा और विराट कोहली को शाहीन शाह अफरीदी ने किया क्लीन बोल्ड 

रोहित शर्मा ने आउट होने से पहले 22 गेंद का सामना किया और 11 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरान उन्होंने दो चौके लगाए। हालांकि इससे पहले मैच की दूसरी ही बॉल पर शाहीन की गेंद पर फखर जमां ने रोहित शर्मा का एक कैच छोड़ दिया था, जिसका पूरा फायदा रोहित शर्मा नहीं उठा पाए और सस्ते में आउट होकर चलते बने। इसके बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए पूर्व कप्तान विराट कोहली। आते ही कोहली ने कुछ अच्छे स्ट्रोक खेले, लेकिन उनकी पारी भी ज्यादा लंबी नहीं चल पाई। वे सात गेंद पर चार रन बनाकर शाहीन शाह अफरीदी की गेद पर आउट हो गए, उन्होंने एक चौका लगाया। 

श्रेयस अय्यर भी जल्द ही आउट होकर लौटे पवेलियन 
इस तरह से शाहीन शाह अफरीदी ने एक बार फिर से टीम इंडिया के दो बड़े बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर खलबली सी मचा दी। इसके साथ ही शाहीन शाह अफरीदी ऐसे पहले गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली को वनडे की एक ही पारी में बोल्ड कर दिया हो, इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ था। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए श्रेयस अय्यर भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए और उन्हें हारिस राउफ ने फखर जमां के हाथों कैच कराकर उनकी भी पारी खत्म कर दी। उधर शुभमन गिल की बात करें तो वे काफी संभलकर बल्लेबाजी करते हुए दिखाई दिए। इस बीच लगातार बारिश भी खलल डालने का काम करती रही। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल