1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विवादों में रहकर भी स्पिन के 'जादूगर' थे शेन वार्न, उपलब्धियों से भरा रहा उनका करियर

विवादों में रहकर भी स्पिन के 'जादूगर' थे शेन वार्न, उपलब्धियों से भरा रहा उनका करियर

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Mar 04, 2022 08:53 pm IST,  Updated : Mar 04, 2022 11:04 pm IST

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिन गेंदबाज शेन वार्न का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। इस खबर के आते ही क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

Shane Warne- India TV Hindi
Shane Warne Image Source : GETTY

अपनी फिरकी गेंदबाजी से दुनिया भर के बल्लेबाजों को अपने इशारे पर नचाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिन गेंदबाज के शेन वार्न के निधन की खबर से पूरा क्रिकेट जगत सन्न रह गया। वार्न टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका के मुथैया मुलरीधरन (800) के बाद दुनिया के दूसरे सबसे अधिक 708 विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 45 टेस्ट मैचों के साथ 194 वनडे भी खेली। वनडे में वार्न ने 293 विकेट लिए। वार्न इंग्लैंड के खिलाफ साल 2007 में अपने आखिरी इंटरनेशनल मैच में मैदान पर उतरे थे, जिसके बाद उन्होंने इस खेल को अलविदा कह दिया था।

इसके अलावा वार्न ने दुनियाभर के टी20 लीग में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई जिसमें भारत का इंडियन प्रीमियर लीग भी शामिल है। आईपीएल में वार्न राजस्थान रॉयल्स की तरफ से पहली बार मैदान पर उतरे थे। वार्न की कप्तानी में ही राजस्थान की टीम ने इस लीग में पहली बार खिताब जीतने का गौरव हासिल किया था।

भारत के खिलाफ डेब्यू

शेन वार्न का जन्म 13 सितंबर 1969 को ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया प्रांत में हुआ था। उन्होंने साल 1992 में भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया। इस मैच में उन्होंने रवि शास्त्री के रूप में एकमात्र विकेट लिया था। हालांकि इसके बाद से वह पीछे मुड़कर नहीं देखें और बेहद कम समय में अपनी गेंदबाजी का ऐसा लोहा मनवाया कि दुनिया भर के बल्लेबाजों के लिए वह दहशत बन गए। 

डेब्यू के एक साल बाद ही उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ माइक गेटिंग को आउट कर बॉल ऑफ सेंचूरी से पूरी दुनिया में सनसनी मचा दी थी। यह एक ऐसी गेंद थी जो लेग स्टंप पर पिच होने के बाद गेटिंग का ऑफ स्टंप हवा में लहरा गया था।

शेन वार्न के विवाद

अपनी बेहतरीन करियर के अलावा वार्न हमेशा से विवादों में रहे। वार्न का सबसे पहला विवाद साल 1998 में आया जब उनपर एक बुकी को मैच से जुड़ी जानकारी देने का आरोप लगा और उनपर जुर्माना भी लगा। इसके बाद वह तब चर्चा में आए जब उन्हें साल 2003 के विश्व कप से ठीक पहले क्रिकेट से एक साल के लिए बैन कर दिया गया था।

दरअसल वार्न पर आरोप लगा था कि उन्होंने कुछ ऐसे प्रतिबंधित पदार्थों का सेवन किया था जो कि डोपिंग की श्रेणी में आती थी। हालांकि उनके लिए यह जाने अनजाने में की गई एक गलती मानी जाती रही।

वार्न के साथ सचिन का किस्सा

विश्व क्रिकेट में ऐस ऐसा दौर भी रहा जब शेन वार्न और सचिन तेंदुलकर की टक्कर को लोग खूब पसंद करते थे। दुनिया के इन दोनों महान खिलाड़ियों के बीच की प्रतिद्वंदिता देखते ही बनती थी। कभी वार्न सचिन पर भारी पड़े तो कभी सचिन। ऐसा ही एक मैच में शारजाह के मैदान पर साल 1998 में खेला गया था जिसमें सचिन ने वार्न की जमकर धुनाई की थी।

Shane Warne, shane warne age, shane warne wickets, shane warne test cricket, shane warne death, shan
Image Source : GETTY Shane Warne and sachin tendulkar  

इस मुकाबले के बाद वार्न ने कहा था कि सपने में भी सचिन उनकी गेंद की धुनाई कर रहे थे। वार्न का यह किस्सा क्रिकेट जगत में खूब मशहूर हुआ था। शारजाह में खेले गए इस मैच में सचिन ने 134 रनों की पारी खेली। यह एक त्रिकोणिय सीरीज थी जिसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया के अलावा तीसरी टीम न्यूजीलैंड की थी।

टेस्ट क्रिकेट  में अटूट है वार्न का यह रिकॉर्ड

शेन वार्न ने अपने क्रिकेटिंग करियर में ऐसे तो कई सारी उपलब्धियां हासिल की है लेकिन वह दुनिया के इकलौते ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने तीन देशों के खिलाफ 100 या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है। वार्न ने सबसे अधिक इंग्लैंड के खिलाफ विकेट चटकाए हैं। 

उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 195 विकेट लिए जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनके 130 विकेट हैं। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 103 विकेट चटकाए। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल