Shardul Thakur in VHT 2025-26: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के ग्रुप सी मैच में मुंबई ने छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से हराकर इस सीजन अपनी जीत की हैट्रिक पूरी की। यह मुकाबला जयपुर के जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड में खेला गया था। इस मैच में छत्तीसगढ़ ने पहले पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के सामने जीत के लिए 143 रन का टारगेट रखा था। इस टारगेट को मुंबई ने 9 विकेट रहते सिर्फ 24 ओवर में चेज कर लिया।
मुकाबले की बात करें तो टॉस जीतकर यहां मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। शार्दुल ने इस मैच में नई गेंद से शानदार प्रदर्शन किया और पांच ओवर के अंदर छत्तीसगढ़ के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया था, उस वक्त टीम का स्कोर सिर्फ 10 रन था। इसके बाद छत्तीसगढ़ के कप्तान अमनदीप खरे और अजय मंडल के बीच पांचवें विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी हुई। अमनदीप खरे ने इस मैच में 103 गेंदों में 63 रन तो वहीं अजय मंडल ने 67 गेंद में 46 रन बनाए। इन दोनों के अलावा टीम के 9 बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर में आउट हो गए।
मुंबई की गेंदबाजी की बात करें तो वहां शार्दुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किया। वहीं शम्स मुलानी ने 9.1 ओवर में 31 रन देकर 5 विकेट झटके। इन दोनों गेंदबाजों ने मिलकर छत्तीसगढ़ के 9 बल्लेबाजों को आउट कर दिया। वहीं एक विकेट मुशीर खान को मिला। छत्तीसगढ़ की टीम 38.1 ओवर में 142 रन पर आउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को पहले विकेट के लिए 42 रन की शुरुआत मिली। ईशान मूलचंदानी ने 36 गेंदों में 19 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद अंगकृष रघुवंशी और सिद्धेश लाड ने दूसरे विकेट के लिए 102 रन की शानदार साझेदारी कर सिर्फ 24 ओवरों में ही मुंबई को नौ विकेट से एकतरफा जीत दिलाई। रघुवंशी ने 66 गेंदों में 6 चौके की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। वहीं सिद्धेश लाड ने 42 बॉल पर छह चौके की मदद से 48 रन की पारी खेली। शार्दुल ठाकुर को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।
यह भी पढ़ें
जो रूट अब सचिन तेंदुलकर से हैं कितने पीछे, पूरे कर लिए 22 हजार रन
संपादक की पसंद