1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप से बाहर होने के बाद छलका श्रेयस अय्यर का दर्द, स्क्वॉड में शामिल नहीं होने को लेकर दिया बड़ा बयान

एशिया कप से बाहर होने के बाद छलका श्रेयस अय्यर का दर्द, स्क्वॉड में शामिल नहीं होने को लेकर दिया बड़ा बयान

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 07, 2025 11:17 pm IST,  Updated : Sep 07, 2025 11:17 pm IST

एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने वाली है। इस टूर्नामेंट के लिए श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया के स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है।

Shreyas Iyer- India TV Hindi
श्रेयस अय्यर Image Source : AP

एशिया कप 2025 के लिए जब टीम इंडिया के स्क्वॉड का ऐलान हुआ, उसमें स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर का नाम नहीं था। स्क्वॉड का ऐलान होने से पहले अय्यर के नाम को लेकर काफी चर्चा भी हो रही थी। लेकिन उन्हें अंत में टीम में जगह नहीं मिली। इस बीच टीम में जगह नहीं मिलने को लेकर अब श्रेयस अय्यर ने चुप्पी तोड़ी है और इसको लेकर बड़ा बयान दिया है।

एशिया कप स्क्वॉड से बाहर होने के बाद श्रेयस अय्यर ने दिया बड़ा बयान

अय्यर ने ‘आईक्यूओओ पोडकास्ट’ में कहा कि यह तब निराशाजनक होता है जब आप जानते हैं कि आप टीम में, अंतिम एकादश में जगह के हकदार है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही जब आप जानते हैं कि कोई टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहा है, तो आप उनका समर्थन करते हैं। आखिरकार, लक्ष्य टीम का जीतना है और जब टीम जीतती है, तो हर कोई खुश होता है। अय्यर ने आगे कहा कि मैं हमेशा ईमानदारी से बात करता हूं। आपको मौका नहीं मिलता है तो आपको यह देखना होगा कि आप अपना काम नैतिक रूप से करें। ऐसा नहीं है कि आपको तभी प्रदर्शन करना है जब कोई देख रहा हो।

अय्यर ने आगे कहा कि यहां तक कि जब कोई नहीं देख रहा होता है, तब भी आपको अपना काम करते रहना होगा। यही ईमानदारी है। अय्यर उस भारतीय टीम के सदस्य थे जिसने इस साल की शुरुआत में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब को अपने नाम किया था। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी की जीत को क्रिकेट के मैदान पर अब तक का सबसे अच्छा एहसास बताया। उन्होंने कहा कि भारत के लिए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतना अब तक का सबसे अच्छा एहसास था। 30 वर्षीय अय्यर इस महीने के अंत में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दो अनौपचारिक चार-दिवसीय टेस्ट मैचों में भारत ए की अगुवाई करेंगे।

आईपीएल 2025 में कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन रहा था शानदार

श्रेयस अय्यर इससे पहले आईपीएल 2025 में खेलते हुए नजर आए थे। जहां उन्होंने बतौर कप्तान और बल्लेबाज टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी। वहीं इस सीजन श्रेयस अय्यर ने 17 मैचों की 17 पारियों में 50.33 के औसत से 604 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 175.07 का रहा था। पंजाब किंग्स को फाइनल में RCB के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

(INPUT: PTI)

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल