भारतीय क्रिकेट टीम को जून महीने के आखिर में उन्हें यूके का दौरा करना है, जहां पहले वह आयरलैंड में दो मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी तो वहीं इसके बाद इंग्लैंड में 5 टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। टीम इंडिया के चयनकर्ताओं ने टी20 सीरीज के अलावा सितंबर महीने में होने वाले एशियन गेम्स को लेकर भी स्क्वाड का ऐलान कर दिया है जिसमें जो सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला वह सूर्यकुमार यादव की जगह पर श्रेयस अय्यर को इस फॉर्मेट में नया कप्तान नियुक्त किया जाना। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब भले ही भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में जीता लेकिन उनके फॉर्म को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद अब भविष्य को ध्यान में रखते हुए श्रेयस को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं टीम इंडिया का कप्तान बनने के बाद श्रेयस का पहला बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने इसे सम्मान की बात बताई है।
मेरे लिए देश का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात
आईपीएल 2026 का सीजन खत्म होने के बाद श्रेयस अय्यर अभी मुंबई टी20 लीग के मौजूदा सीजन में खेल रहे हैं, जिसमें 6 जून को जब उन्हें टीम इंडिया का नया कप्तान नियुक्त किया गया तो शाम को उन्होंने इसी टी20 लीग में होने वाले मुकाबले में सोबो मुंबई फॉल्कान्स के लिए खेलना था। इस मैच में श्रेयस अय्यर ने बल्ले से कमाल दिखाते हुए 61 रनों की पारी खेली जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। श्रेयस से जब मुकाबले के बाद टीम इंडिया का नया टी20 कप्तान नियुक्त किए जाने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि देश के लिए कप्तानी करना मेरे लिए काफी सम्मान की बात है। फैंस जिन्होंने इतने सालों से मेरा साथ दिया उनके प्रति मैं अपना प्यार और सम्मान जाहिर करता हूं।
श्रेयस के लिए कम नहीं हैं चुनौतियां
सूर्यकुमार यादव की जगह पर नए कप्तान बने श्रेयस अय्यर के लिए चुनौतियां कम नहीं हैं, जिसमें वह खुद टी20 इंटरनेशनल में लगभग तीन साल के बाद प्लेइंग 11 में वापसी करेंगे। इसके अलावा उनको पहले से मौजूद अन्य प्लेयर्स के साथ तालमेल भी बेहतर करना होगा। पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी मिलने के बाद अय्यर के बल्लेबाजी प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहने हैं जिसके चलते सूर्या को बाहर किया गया है।
ये भी पढ़ें
'उसने कभी हार नहीं मानी', सूर्यकुमार यादव की कप्तानी जाने पर बोले रोहित शर्मा