1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बतौर कप्तान पहली सीरीज जीतने के बाद गदगद हुए श्रेयस अय्यर, जमकर की युवा प्लेयर्स की तारीफ

बतौर कप्तान पहली सीरीज जीतने के बाद गदगद हुए श्रेयस अय्यर, जमकर की युवा प्लेयर्स की तारीफ

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 27, 2026 06:33 am IST,  Updated : Jul 27, 2026 06:33 am IST

जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिम्बाब्वे में सीरीज जीतना मेरे लिए एक खास एहसास है।

Shreyas Iyer- India TV Hindi
श्रेयस अय्यर Image Source : AP

भारत ने जिम्बाब्वे को तीन मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से मात दी। सीरीज के आखिरी मैच में टीम इंडिया ने 35 रनों से जीत दर्ज की। कप्तान के तौर पर यह श्रेयस अय्यर के लिए पहली सीरीज जीत है। इससे पहले उन्होंने आयरलैंड और इंग्लैंड में टी20 सीरीज में कप्तानी की थी और दोनों ही बार उन्हें क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। बतौर कप्तान पहली सीरीज जीत के बाद श्रेयस अय्यर काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि जिम्बाब्वे में सीरीज जीतना मेरे लिए एक खास एहसास है। शानदार जीत, 3-0। यह एक खास पल है।

सीरीज जीतने के बाद श्रेयस अय्यर ने क्या कहा?

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में श्रेयस अय्यर से पूछा गया कि इस सीरीज से उन्हें क्या सीखने को मिला। भारतीय कप्तान ने कहा कि जैसा कि हमने देखा कि हमारे युवा खिलाड़ी कितने निडर हैं, वे युवा खिलाड़ियों का एक समूह हैं जिन्होंने मैदान पर जबरदस्त ऊर्जा और इरादा दिखाया है, खासकर जब आप लगातार मैच खेलते हैं। कप्तान के तौर पर और एक टीम के तौर पर मुझे ऐसी ही ऊर्जा की जरूरत होती है और उन्होंने आज भी लगातार मैचों में इसे बखूबी निभाया। तो, जिम्बाब्वे में सीरीज जीतना मेरे लिए एक खास एहसास है। 3-0 से सीरीज जीतना मेरे लिए यह एक खास पल है।

युवा खिलाड़ियों को लेकर श्रेयस अय्यर ने क्या कहा?

अय्यर ने आगे कहा कि कप्तान के तौर पर उन पर कोई अलग से अतिरिक्त दबाव या जिम्मेदारी नहीं है, क्योंकि अगर रिकॉर्ड देखा जाए तो उन्होंने और बाकी युवा खिलाड़ियों ने लगभग एक बराबर (लगभग 55 से 60) मैच ही खेले हैं। आजकल के युवा खिलाड़ी आईपीएल में खेलने की वजह से पहले से ही काफी अनुभवी और बेहद प्रतिभाशाली हैं। कप्तान के रूप में उनका मुख्य काम खिलाड़ियों को मैदान पर सहज, शांत और तनावमुक्त महसूस कराना है, ताकि वे बिना किसी दबाव के खुलकर खेल सकें और टीम के लिए अपना बेस्ट प्रदर्शन दे सकें।

जो स्टैंडर्ड तय किए हैं उन पर खरा उतरना है- श्रेयस अय्यर

भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि टीम के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा यह है कि वह मैच के नतीजों की ज्यादा फिक्र न करे, बल्कि अपने खेल के स्तर में लगातार सुधार करे। कप्तान का कहना है कि पहले मैच से प्रदर्शन का जो एक स्टैंडर्ड तय किया गया है, हर बार मैदान पर उतरते वक्त उससे एक कदम और बेहतर करने की कोशिश होनी चाहिए। उन्होंने अपनी टीम को यही बात समझाई है कि हालात चाहे जैसे भी हों, हर खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता और ताकत के साथ खेले और टीम को सफलता के ऊंचे मुकाम तक पहुंचाने में अपना योगदान दे।

यह भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी ने दो अवॉर्ड पर जमाया कब्जा, कहा- यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा है

मयंक यादव ने पहली गेंद पर विकेट लेकर किया कमाल, खास रिकॉर्ड लिस्ट में कर ली भुवी की बराबरी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल