1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अपने ही बनाए जाल में फंस गए शुभमन गिल, अगले ही दिन पड़े लेने के देने

अपने ही बनाए जाल में फंस गए शुभमन गिल, अगले ही दिन पड़े लेने के देने

 Published : Jul 14, 2025 12:11 pm IST,  Updated : Jul 14, 2025 12:16 pm IST

शुभमन गिल इस वक्त भारत की टेस्ट टीम के कप्तान हैं, लेकिन इसके बाद भी वे अक्सर लगता है कि इस बात को भूल जाते हैं।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : GETTY

शुभमन गिल अब भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान हैं, लेकिन वे शायद इस बात को भूल जाते हैं। इसीलिए कभी कभार ऐसी हरकतें करने लगते हैं, जो उन पर कतई शोभा नहीं देतीं। गिल ये भी भूल जाते हैं कि जो काम वे विरोधी टीम के साथ कर रहे हैं, वो उन पर भी आ सकती हैं। ऐसा ही लॉर्ड्स में खेले जा रहे भारत बनाम इंग्लैंड मुकाबले के दौरान भी देखने को मिला। जो काम गिल और उनकी टीम ने तीसरे दिन इंग्लैंड के साथ किया, वही काम चौथे दिन इंग्लैंड की टीम ने उनके साथ कर दिया, जिससे भारतीय टीम इस वक्त संकट में फंसी हुई नजर आ रही है। 

शुभमन गिल ने लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर किए थे कमेंट

दरअसल लॉर्ड्स टेस्ट में जब तीसरे दिन का खेल खत्म होने को था, तब इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरी। इंग्लैंड के बल्लेबाज नहीं चाहते थे कि वे दिन के आखिरी वक्त में बल्लेबाजी करें, लेकिन फिर भी नियमानुसार उन्हें आना पड़ा। इसके बाद भी इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज इस कोशिश में लगे थे कि किसी भी तरह से एक ओवर से ज्यादा ना हो पाएं और वे नाबाद लौट जाएं। लेकिन टीम इंडिया की कोशिश की थी कि जल्दी जल्दी अधिक से अधिक ओवर किए जाएं, ताकि इंग्लैंड के कुछ विकेट चटका दिए जाएं। इसी दौरान जब इंग्लैंड के बल्लेबाज वक्त बर्बाद करते हुए नजर आए तो इस पर शुभमन गिल ने नाराजगी जताई। शुभमन गिल इंग्लैंड के बल्लेबाजों के पास जाकर कमेंट कर रहे थे और हंस रहे थे। बाकी भारतीय खिलाड़ी भी ऐसा ही करने में लगे थे। खैर इंग्लैंड ने एक ओवर खेला और दिन का खेल खत्म हो गया। 

चौथे दिन इंग्लैंड टीम ने शुभमन गिल से लिया बदला

जब चौथा दिन शुरू हुआ तो दिन का खेल खत्म होने से पहले भारत की बल्लेबाजी आ गई। भारतीय टीम की भी कोशिश की थी कम से कम ओवर खेले जाएं, ताकि आखिरी दिन उनकी जीत की संभावना बनी रहे। इस बीच जब भारत के दो विकेट गिर तो कप्तान शुभमन गिल को बल्लेबाजी के लिए आना पड़ा। जो काम शुभमन गिल और टीम इंडिया ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों के साथ किया था, वही काम अब शुभमन गिल को झेलना पड़ गया। शुभमन गिल जैसे ही स्ट्राइक पर आए, इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने कमेंट करने शुरू कर दिए। यही कारण रहा कि शुभमन गिल डिस्टर्ब नजर आए और सस्ते में आउट होकर चले गए। इससे टीम इंडिया इस वक्त मुश्किल में फंसी नजर आ रही है।

कप्तान को बनाकर रखनी होती है अपनी गरिमा

शुभमन गिल भारतीय टीम के कप्तान हैं और वे जो कुछ भी रहे हैं, वो ठीक नहीं है। अगर टीम का कप्तान ही इस तरह की हरकतें करेगा तो फिर बाकी खिलाड़ी क्या करेंगे, ये समझा जा सकता है। कप्तान बनने से पहले कभी भी शुभमन गिल का ये रूप देखने को नहीं मिला था। लेकिन अब ऐसा लगता है कि गिल को लगने लगा है कि ये काम भी उन्हें करना चाहिए, क्योंकि वे कप्तान हैं। अभी तो गिल को कप्तान बने ज्यादा वक्त नहीं हुआ है, देखना होगा कि वे आने वाले वक्त में क्या इसी तरह की कप्तानी जारी रखने हैं, या फिर इसमें बदलाव करते हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल