इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीजन के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस की टीम का सामना राजस्थान रॉयल्स से था, जिसमें उन्हें इस मुकाबले में जीत हासिल करने के लिए 215 रनों का टारगेट मिला था, जिसे वह 18.4 ओवर्स में सिर्फ तीन विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल करने में कामयाब रहे। गुजरात टाइटंस को इस मैच में जीत दिलाने में उनके कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी ने अहम भूमिका निभाई जिसमें दोनों के बीच में पहले विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी देखने को मिली और उसके दम पर उन्होंने टी20 क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
गिल-सुदर्शन टी20 में बनी सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी
शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी जब से आईपीएल में ओपनिंग कर रही है दोनों के बीच में काफी अच्छा तालमेल देखने को मिला है। गिल-सुदर्शन ने अब तक कई मैचों में मिलकर गुजरात टाइटंस को आसान जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में जब दोनों ने शतकीय साझेदारी को पूरा किया उसी के साथ वह टी20 क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी भी बन गई है। दोनों के बीच में अब तक टी20 क्रिकेट इतिहास में कुल 11 शतकीय साझेदारी देखने को मिली है, जिसमें गिल-सुदर्शन ने मिलकर कई दिग्गज जोड़ियों को एक झटके में पीछे छोड़ने का काम किया।
टी20 क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ियां
- शुभमन गिल और साई सुदर्शन - 11 शतकीय साझेदारी (48 पारियां)
- विराट कोहली और क्रिस गेल - 10 शतकीय साझेदारी (63 पारियां)
- बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान - 10 शतकीय साझेदारी (75 पारियां)
- एबी डिविलियर्स और विराट कोहली - 10 शतकीय साझेदारी (77 पारियां)
- अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह - 7 शतकीय साझेदारी (44 पारियां)
- इब्राहिम जादरान और रहमनुल्लाह गुरबाज - 7 शतकीय साझेदारी (49 पारियां)
आईपीएल प्लेऑफ में तोड़ा सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड
गिल और सुदर्शन के नाम अब आईपीएल प्लेऑफ मैचों में किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी करने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। इससे पहले ये कीर्तिमान माइकल हसी और मुरली विजय के नाम पर था, जिन्होंने साल 2011 के फाइनल मुकाबले में आरसीबी के खिलाफ 159 रनों की साझेदारी की थी। अब शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने मिलकर इस रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर लिया है।
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी के हेलमेट में लगी रबाडा की तेज गेंद, सिराज ने तुरंत पूछा उनका हाल; फैंस भी गए घबराए