Shubman Gill: टेस्ट क्रिकेट में शुभमन गिल लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। मुल्लांपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही दिन शतक जड़ दिया। उन्होंने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 103 रन बनाए और नाबाद लौटे। इस तरह वह सबसे कम दिनों में बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में हजार रन का आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज बन गए। यही नहीं, गिल टेस्ट क्रिकेट में सुनील गावस्कर के बाद सबसे कम पारियों में बतौर कप्तान 1 हजार रन पूरे करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी भी बन गए।
एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुभमन गिल की नजरें बड़े स्कोर पर लगी थी, लेकिन वह पहले ही सत्र में 126 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। गिल के नाम बतौर कप्तान अब 1076 रन हो गए हैं और उनका औसत कमाल का है। गिल का टेस्ट में बतौर कप्तान औसत 82.8 है, जो कई दिग्गजों से ज्यादा है। आपको जानकर हैरानी होगी कि टेस्ट में 1000+ रन के साथ सबसे ज्यादा बैटिंग औसत वाले कप्तानों की लिस्ट में गिल दूसरे पायदान पर हैं। गिल सिर्फ डॉन ब्रैडमैन से पीछे हैं।
टेस्ट 1000+ रन के साथ सबसे ज्यादा बैटिंग औसत वाले कप्तान
- 101.5 - डॉन ब्रैडमैन (3147 रन)
- 82.8 - शुभमन गिल (1076 रन)
- 69.6 - कुमार संगकारा (1601 रन)
गिल कप्तानी में कर रहे कमाल
गौरतलब है कि शुभमन गिल ने कप्तान बनने से पहले अपने टेस्ट करियर की 59 पारियों में 35.06 के औसत से 1893 रन बनाए थे। कप्तान बनते ही गिल की फॉर्म में जबरदस्त उछाल आया और इंग्लैंड दौरे के बाद से बतौर कप्तान 9 टेस्ट मैचों में वह 6 शतक ठोक चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक आया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा टेस्ट मैच भले ही WTC का हिस्सा न हो, लेकिन गिल टेस्ट क्रिकेट में लगातार रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट में गिल 1000 रन पूरे करने वाले 11वें कप्तान हैं। गिल टेस्ट क्रिकेट में 41 मैचों की 76 पारियों में 44.31 के औसत से 2969 रन जड़ चुके हैं। उनके बल्ले से अब तक 11 शतक और 8 अर्धशतक आ चुके हैं। इस दौरान वह 7 बार नाबाद लौटे हैं।
यह भी पढ़ें:
'उसने कभी हार नहीं मानी', सूर्यकुमार यादव की कप्तानी जाने पर बोले रोहित शर्मा