1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शुभमन गिल के पास धोनी-गांगुली को पीछे छोड़ने का मौका, बतौर कप्तान खेल चुके हैं अब तक 5 शतकीय पारियां

शुभमन गिल के पास धोनी-गांगुली को पीछे छोड़ने का मौका, बतौर कप्तान खेल चुके हैं अब तक 5 शतकीय पारियां

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jun 05, 2026 07:32 pm IST,  Updated : Jun 05, 2026 07:32 pm IST

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर के स्टेडियम में खेले जाने वाले 6 जून से टेस्ट मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल के पास धोनी और गांगुली को पीछे छोड़ने का शानदार मौका होगा, जिसके लिए उन्हें सिर्फ एक शतकीय पारी खेलनी है।

Shubman Gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : AP

भारत और अफगानिस्तान के बीच में 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में एक टेस्ट मैच की सीरीज का मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया ने इस टेस्ट मैच के लिए कुछ नए प्लेयर्स भी शामिल किए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा नजरें कप्तान शुभमन गिल को लेकर रहने वाली हैं। गिल ने जब से इस फॉर्मेट में कप्तानी की जिम्मेदारी को संभाला है उसके बाद से उनका बल्ला जमकर बोलते हुए दिखाई दिया है। हालांकि टीम इंडिया ने पिछली टेस्ट सीरीज साल 2025 के आखिर में जब खेली थी जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ थी, जिसके पहले मैच में प्लेइंग 11 का हिस्सा होने के बावजूद गिल अनफिट होने की वजह से बाहर हो गए थे और फिर दूसरा मुकाबला भी नहीं खेला था। अब गिल के पास अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले इस टेस्ट मुकाबले में एक बड़ा कारनामा करने का मौका है जिसमें वह बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में एमएस धोनी और सौरव गांगुली को पीछे छोड़ सकते हैं।

गिल अब तक बतौर कप्तान खेल चुके हैं पांच शतकीय पारी

शुभमन गिल ने टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान अपनी जिम्मेदारी का आगाज साल 2025 में इंग्लैंड के दौरे से किया था, जिसके बाद से उन्होंने अब तक 8 मुकाबलों में खेलते हुए 14 पारियों में बल्लेबाजी की है। इस दौरान बल्ले से गिल के रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 79.16 के औसत से 950 रन बनाए हैं, जिसमें उन्होंने पांच शतकीय और एक अर्धशतकीय पारी खेली है। वहीं टेस्ट क्रिकेट में वह अभी बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतकीय पारी खेलने के मामले में संयुक्त रूप से 5वें नंबर पर एमएस धोनी, सौरव गांगुली और नवाब पटौदी के साथ काबिज हैं। ऐसे में गिल यदि अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले इस टेस्ट मैच में शतकीय पारी खेलने में कामयाब होते हैं तो इन तीनों दिग्गजों को पीछे छोड़ देंगे। टेस्ट क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम पर है जिन्होंने 20 शतकीय पारियां बतौर कप्तान खेली हैं।

टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय

  • विराट कोहली - 20 शतकीय पारियां (68 टेस्ट मैच)
  • सुनील गावस्कर - 11 शतकीय पारियां (47 टेस्ट मैच)
  • मोहम्मद अजहरुद्दीन - 9 शतकीय पारियां (47 टेस्ट मैच)
  • सचिन तेंदुलकर - 7 शतकीय पारियां (25 टेस्ट मैच)
  • एमएस धोनी - 5 शतकीय पारियां (60 टेस्ट मैच)
  • सौरव गांगुली - 5 शतकीय पारियां (49 टेस्ट मैच)
  • नवाब पटौदी - 5 शतकीय पारियां (40 टेस्ट मैच)
  • शुभमन गिल - 5 शतकीय पारियां (8 टेस्ट मैच)

गिल टेस्ट में तीन हजार रनों के आंकड़े से सिर्फ 157 रन दूर

अफगानिस्तान के खिलाफ शुभमन गिल के पास टेस्ट क्रिकेट में अपने तीन हजार रनों का आंकड़ा भी पूरा करने का मौका रहेगा, जिसके लिए उन्हें 157 रनों की दरकार है। गिल यदि ऐसा करने में कामयाब होते हैं तो वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में भी तीन हजार या उससे अधिक रन बनाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनेंगे। अभी तक गिल ने 40 टेस्ट मुकाबलों में 43.07 के औसत से 2843 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 10 शतकीय और 8 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं।

ये भी पढ़ें

भारतीय महिला टीम के पास टी20 वर्ल्ड से पहले अपनी तैयारी परखने का आखिरी मौका, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड से होगा सामना

दो लाख बेस प्राइस पर भी केएल राहुल रहे अनसोल्ड, IPL 2026 में बनाए थे 593 रन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल