1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत की प्लेइंग इलेवन को लेकर फंसे कप्तान शुभमन गिल, मोहम्मद शमी को लेकर काट गए कन्नी

भारत की प्लेइंग इलेवन को लेकर फंसे कप्तान शुभमन गिल, मोहम्मद शमी को लेकर काट गए कन्नी

 Published : Nov 13, 2025 03:36 pm IST,  Updated : Nov 13, 2025 03:36 pm IST

IND vs SA: शुभमन गिल ने भारत बनाम साउथ अफ्रीका मैच से पहले ये तय नहीं कर पाए हैं कि टीम की प्लेइंग इलेवन क्या होगी। इस बीच शमी को लेकर भी सवाल किया गया, जिसे वे एक तरह से टाल गए।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : PTI

India vs South Africa: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 14 नवंबर से पहला टेस्ट मैच शुरू होना है। इसके लिए अब बहुत कम वक्त बचा है। इस बीच मैच से एक दिन पहले कप्तान शुभमन गिल मीडिया के सामने आए और अपनी बात रखी। शुभमन गिल भारत की प्लेइंग इलेवन को लेकर फंसे हुए नजर आए। वे अभी तक ये तय नहीं कर पाए हैं कि प्लेइंग इलेवन में तीन स्पिनर रखे जाएं या फिर तीन पेसर के साथ जाएं। इसके अलावा भी शुभमन गिल ने कई अहम बातें कही। मोहम्मद शमी को लेकर उनसे जब सवाल किया गया तो वे इससे बचते हुए नजर आए।

भारत की प्लेइंग इलेवन को लेकर फंसा हुआ है पेच

कोलकाता टेस्ट में भारत की प्लेइंग इलेवन क्या होगी, इसको लेकर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का खेलना तो तय है, तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में आकाश दीप का विकल्प है, लेकिन वे खेलेंगे कि नहीं, ये काफी कुछ पिच के व्यवहार पर निर्भर करेगा। इसके अलावा अगर स्पिनर्स की बात की जाए तो उसके लिए रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव टीम में हैं। खास बात ये है कि इसमें कुलदीप यादव को छोड़कर बाकी स्पिनर्स बल्लेबाजी में भी सहयोग दे सकते हैं। 

प्लेइंग इलेवन को लेकर क्या बोले कप्तान गिल

भारत बनाम साउथ अफ्रीका पहले टेस्ट से पहले जब टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने मीडिया से बात की तो सबसे ज्यादा बात प्लेइंग इलेवन को लेकर ही हुई। उन्होंने कहा कि जब टीम में इतने विकल्प होते हैं तो ऐसा ही होता है। उनका कहना था कि वे मैच के दिन यानी शुक्रवार को पिच का आंकलन करेंगे, उसके बाद ही प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुवार की पिच बुधवार से अलग दिख रही है, इसमें बदलाव आ रहा है। ऐसे में मैच के दिन भी इसे देखा जाना जरूरी है। हालांकि उन्होंने माना कि मैच में स्पिनर्स अहम भूमिका अदा करेंगे। 

तेज गेंदबाज भी कोलकाता में दिखा सकते हैं कमाल

इसके साथ ही गिल ये भी जिक्र करना नहीं भूले कि उन्होंने कहा कि ये अच्छी बात है कि हमारे पास ऐसे ऑलराउंडर हैं, जो गेंदबाजी के सा​थ साथ बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकते हैं। साथ ही जब ये स्पिन गेंदबाज भारत में खेलते हैं तो कमाल ही करते हैं। कप्तान गिल ने कहा कि अगर विकेट सूखा हो तो रिवर्स स्विंग अहम भूमिका निभाती है। 

मोहम्मद शमी के सवाल को टाल गए कप्तान

इस बीच लगातार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चर्चा में रहे। वे पिछले काफी वक्त से डोमेस्टिक क्रिकेट तो खेल रहे हैं, लेकिन भारतीय टीम में वापसी वे नहीं कर पा रहे हैं। इसको लेकर जब ​कप्तान शुभमन गिल से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि शमी जैसे गेंदबाज का चयन नहीं कर पाना हमेशा मुश्किल होता है। उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। शमी टीम में क्यों नहीं हैं, इस पर गिल ने कहा कि इसका जवाब तो सेलेक्टर्स ही दे पाएंगे।  

यह भी पढ़ें 

IND vs SA: पहले मैच में इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है टीम इंडिया, किसे मिलेगी एंट्री

टीम इंडिया के स्टार प्लेयर की होने जा रही है वापसी, इस टूर्नामेंट में खेलता आएगा नजर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल