Shubman Gill: गुजरात टाइटंस की टीम को एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रन बनाए। इसके बाद गुजरात की टीम 208 रन ही बना पाई। मैच में टॉस के समय मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या और गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने आपस में हाथ नहीं मिलाया था। इससे अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब इस पर शुभमन ने पोस्ट किया है।
गिल ने हार्दिक के साथ शेयर किया फोटो
शुभमन गिल ने इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर करते हुए लिखा है कि सिर्फ प्यार है। इंटरनेट पर जो कुछ भी देखते हैं, उस पर यकीन मत करें। इसमें उन्होंने हार्दिक पांड्या के साथ फोटो भी लगाया है, जिसमें दोनों हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे दावे किए जा रहे थे कि गिल ने जानबूझ कर हार्दिक से हाथ नहीं मिलाया, जबकि मुंबई के कप्तान उनकी ओर बढ़े थे और उन्होंने कोई रिस्पांस नहीं दिया। अब गिल ने पोस्ट शेयर करके सभी तरह की अफवाहों पर विराम लगा दिया।

शुभमन गिल ने बनाए 650 रन
शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस की टीम ने आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने लीग स्टेज में कुल 9 मुकाबले जीते थे और 18 अंकों के साथ प्लेऑफ में एंट्री मारी थी। टीम के लिए गिल, साई सुदर्शन, प्रसिद्ध कृष्णा और जोस बटलर ने दमदार प्रदर्शन किया। मौजूदा सीजन में गिल ने 650 रन बनाए।
मुंबई इंडियंस ने जीता था मैच
एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा और जॉनी बेयरस्टो ने कमाल की बल्लेबाजी की। इन दोनों प्लेयर्स ने ही बड़े स्कोर की नींव रख दी थी। रोहित ने 81 रन और बेयरस्टो ने 47 रनों की पारी खेली। अंत में हार्दिक पांड्या ने 9 गेंदों मनें 22 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के शामिल रहे। इन प्लेयर्स की वजह से ही मुंबई ने 228 रन बनाए। फिर गुजरात टाइटंस के लिए साई सुदर्शन ने 80 रनों की पारी खेली। वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने 48 रन बनाए। लेकिन इन दोनों को बाकी के बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला और टीम 20 रनों से हार गई।