Highlights
- बारिश के कारण भारत बनाम वेस्टइंडीज मैच हुआ प्रभावित
- शुभमन गिल ने 98 गेंदों पर खेली 98 रनों की नाबाद पारी
- साल 2015 में शोएब मलिक भी नहीं कर सके थे शतक पूरा
Shubman Gill : भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए वन डे सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में टीम इंडिया जीत तो गई, लेकिन भारत के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के साथ खेल हो गया। वे अपना शतक पूरा करने से चूक गए। मैच के दौरान जब खेला रोका गया, तब उन्हें पता भी नहीं था कि अब आगे खेल नहीं होगा। जब बारिश शुरू हुई तो उन्हें केवल दो रन बनाने थे। उम्मीद थी कि बारिश रुकेगी तो वे फिर से बल्लेबाजी के लिए आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि ये पहली बार नहीं हुआ है, जब वन डे इंटरनेशनल में किसी खिलाड़ी के साथ ऐसा हुआ हो। इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक के साथ भी ये घटना हो चुकी है। तब साल 2015 था और पाकिस्तान का मुकाबला जिम्बाब्वे से हो रहा था।
पाकिस्तान के शोएब मलिक के साथ हुई थी ऐसी ही घटना
साल 2015 के अक्टूबर में अजहर अली की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम जिम्बाब्वे के दौरे पर गई थी। वन डे सीरीज का दूसरा मैच खेला जा रहा था। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 276 रन बनाए थे। यानी पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 277 रनों का टारगेट था। पाकिस्तान के शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए थे, लेकिन एक छोर शोएब मलिक संभाले हुए थे। पहले शोएब मलिक ने अपना अर्धशतक पूरा किया और उसके बाद शतक की ओर बढ़ रहे थे। पाकिस्तान की पारी के 48 ओवर हो चुके थे, इसके बाद बारिश आ गई। अंपायरों ने इंतजार किया, लेकिन जब बारिश नहीं रुकी तो डकवर्थ लुईस के नियम के अनुसार पाकिस्तान को पांच रन से जीता हुआ घोषित कर दिया गया। जब मैच खत्म हुआ तब शोएब मलिक 106 गेंद पर 96 रन बना चुके थे। लेकिन उन्हें आगे खेलने का मौका ही नहीं दिया गया। मैच के बाद जहां एक ओर जिम्बाब्वे की टीम खुश थी, वहीं पाकिस्तान के खिलाड़ी निराश और हताश नजर आ रहे थे।
भारत को नहीं मिले पूर 40 ओवर खेलने के लिए
मैच खत्म होने के बाद शोएब मलिक ने कहा भी था कि ये क्रिकेट के लिए अच्छी बात नहीं है। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता, लेकिन नियम तो नियम है। ऐसा ही कुछ भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए तीसरे वन डे मैच में हुआ। यहां भी अंपायर ने कहा था कि मैच 40 ओवर का होगा, लेकिन इससे पहले कि 40 ओवर हो पाते 36 ओवर के बाद बारिश आ गई। कुछ देर इंतजार के बाद भारत की पारी वहीं पर खत्म कर दी गई और शुभमन गिल 98 रन पर नाबाद लौटे। अगर शुभमन गिल को पहले से पता होता वे तेज खेल सकते थे, अगर भारत को एक और ओवर मिल जाता तो भी वे अपना शतक पूरा करने की कोशिश कर सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका और शुभमन गिल अपने पहले वन डे शतक से दो रन से पीछे रह गए।