1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी20 में टीम इंडिया को मिलेगी नई ओपनिंग जोड़ी, हार्दिक की कप्तानी में इन 4 प्लेयर्स के बीच टक्कर

टी20 में टीम इंडिया को मिलेगी नई ओपनिंग जोड़ी, हार्दिक की कप्तानी में इन 4 प्लेयर्स के बीच टक्कर

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Jun 22, 2023 07:40 am IST,  Updated : Jun 22, 2023 07:40 am IST

वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज के साथ टीम इंडिया को टी20 फॉर्मेट में एक नई ओपनिंग जोड़ी मिल सकती है।

Team India- India TV Hindi
Team India Image Source : GETTY

भारतीय क्रिकेट टीम अगले महीने से वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी20 सीरीज का दौरा करने वाली है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में मिली शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया इस टूर से नई शुरुआत करना चाहेगी। टी20 सीरीज में कप्तान हार्दिक पांड्या होने वाले हैं। दिग्गज खिलाड़ी इस फॉर्मेट में रेस्ट पर रहेंगे, वहीं युवा खिलाड़ियों के लिए टीम में अपनी जगह पक्की करने का एक सुनहरा मौका होगा। इस सीरीज के लिए टीम इंडिया में ओपनिंग के लिए ही चार दावेदार होने वाले हैं। ऐसे में उम्मीद यही है कि टीम इंडिया को इस फॉर्मेट में एक नई ओपनिंग जोड़ी मिल सकती है।

चार ओपनर्स को मिलेगी टूर पर जगह

वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐसे खिलाड़ियों को ज्यादा मौका मिलने का चांस है जिन्होंने हाल ही में आईपीएल में कमाल का प्रदर्शन किया था। ओपनिंग के लिए इस सीरीज में शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, रुतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन जैसे 4 घातक खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जा सकता है। टी20 सीरीज 5 मैचों की होनी है और ऐसे में लगातार ओपनिंग के लिए खिलाड़ियों को बदला जा सकता है। लेकिन मौजूदा फॉर्म और लय को देखते हुए यही लगता है कि शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल इस फॉर्मेट में टीम इंडिया के नए ओपनिंग पार्टनर्स हो सकते हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने कभी भी टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत आज तक नहीं की है।

आईपीएल में किया कमाल का प्रदर्शन

आईपीएल 2023 में इन दोनों ही बल्लेबाजों का ओपनिंग करते हुए प्रदर्शन शानदार रहा था। गिल सीजन 16 के ऑरेंज कैप विनर रहे थे और उनके बल्ले से 890 रन निकले। वहीं जायसवाल की बात करें तो उन्होंने भी आईपीएल 2023 में 625 रन ठोके। गिल लंबे समय से टीम इंडिया के लिए ओपनिंग कर रहे हैं और उन्होंने पिछले कुछ महीनों में हर एक फॉर्मेट में शतक लगाया है। वहीं जायसवाल की बात की जाए तो उन्होंने अभी तक टीम इंडिया के लिए डेब्यू नहीं किया है। लेकिन ये दोनों ही खिलाड़ी हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टी20 फॉर्मेट में ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

गायकवाड़ और ईशान भी रेस में

गिल और जायसवाल के अलावा रुतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन भी ओपनिंग के तगड़े दावेदार हैं। सीमित ओवर क्रिकेट में ईशान कई बार टीम के लिए ओपनिंग कर चुके हैं। वहीं गायकवाड़ को अभी बाकी खिलाड़ियों के जितने मौके नहीं मिले। बता दें कि जब से टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2022 में हार का सामना करने पड़ा है तभी से सेलेक्टर्स ने इस फॉर्मेट में बड़े नामों को बाहर का रास्ता दिखाते हुए युवाओं को तवज्जो दी है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे बड़े नामों ने 2022 के बाद से टीम इंडिया के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेला।  

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल