1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 15 छक्के ठोक महज इतनी गेंदों पर जड़ दिया शतक, टूटा रोहित शर्मा का कीर्तिमान, बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

15 छक्के ठोक महज इतनी गेंदों पर जड़ दिया शतक, टूटा रोहित शर्मा का कीर्तिमान, बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Oct 23, 2024 07:44 pm IST,  Updated : Oct 24, 2024 10:13 am IST

T20I क्रिकेट में रोहित शर्मा और डेविड मिलर का सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया है। धाकड़ ऑलराउंडर ने 15 छक्के जड़ते हुए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है।

Sikandar Raza- India TV Hindi
सिकंदर रजा Image Source : TWITTER

T20 क्रिकेट में ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है जब कोई बल्लेबाज एक ही पारी में 10 से ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा कर दिखाए। यही नहीं, 20 ओवर के क्रिकेट में शतक बनाना भी काफी मुश्किल काम होता है। लेकिन ये दोनों ही कमाल धाकड़ बल्लेबाज ने एक ही मैच में कर दिखाए हैं। इस बल्लेबाज ने ना केवल अपनी पारी में 15 छक्के जड़े बल्कि महज 35 से कम गेंदों पर शतक ठोक क्रिकेट जगत में तहलका भी मचा दिया। ये बल्लेबाज कोई और नहीं बल्कि जिम्बाब्वे का धाकड़ ऑलराउंडर सिकंदर रजा हैं जिन्होंने नैरोबी में एक T20I मुकाबलें में गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और सिर्फ 33 गेंदों पर सैकड़ा जड़ते हुए सनसनी मचा दी।

रजा ने रचा इतिहास

सिकंदर रजा फुल मेंबर नेशन में T20I में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने रोहित शर्मा और डेविड मिलर का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। रोहित और मिलर दोनों ने साल 2017 में 35-35 गेंदों पर T20I क्रिकेट में सैकड़ा जड़ने का बड़ा कारनामा किया था। ओवलऑल T20I क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम है। साहिल ने जून 2024 में साइप्रस के खिलाफ महज 27 गेंदों पर शतक जड़ा था। 

T20I मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

  • 18 - साहिल चौहान बनाम साइप्रस, एपिस्कोपी, 2024
  • 16 - हजरतुल्लाह जजई बनाम आयरलैंड, देहरादून, 2019
  • 16 - फिन एलन बनाम पाकिस्तान, डुनेडिन, 2024
  • 15 - सिकंदर रजा बनाम गाम्बिया, नैरोबी, 2024
  • 15 - जीशान कुकीखेल बनाम ऑस्ट्रिया, लोअर, ऑस्ट्रिया, 2022

ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप सब रीजनल अफ्रीका क्वालीफायर ग्रुप बी के मैच में जिम्बाब्वे का गाम्बिया से सामना हुआ। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे ने गाम्बिया के गेंदबाजों को दिन में तारे दिखा दिए। जिम्बाब्वे की ओर से कप्तान सिकंदर रजा ने 15 छक्के और 7 चौकों की मदद से 43 गेंदों पर नाबाद 133 रन ठोक डाले। इस तरह उन्होंने T20I क्रिकेट में नया कीर्तिमान रच दिया। सिकंदर रजा जिम्बाब्वे की ओर से T20I में पहला शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले जिम्बाब्वे की ओर से कमाल कोई भी नहीं कर पाया था। 

सबसे तेज T20 शतक (फुल मेंबर नेशन )

  • सिकंदर रजा - 33 गेंद बनाम गाम्बिया, 2024
  • रोहित शर्मा - 35 गेंद बनाम श्रीलंका, 2017
  • डेविड मिलर - 35 गेंद बनाम बांग्लादेश, 2017
  • जॉनसन चार्ल्स - 39 गेंद बनाम साउथ अफ्रीका, 2023
  • संजू सैमसन - 40 गेंद बनाम बांग्लादेश, 2024

सिकंदर रजा के तूफानी शतक के दम पर जिम्बाब्वे T20I क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही। उसने नेपाल का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 344 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

T20I में सबसे बड़ा टीम स्कोर

  • 344/4 - जिम्बाब्वे बनाम गाम्बिया, नैरोबी, 2024
  • 314/3 - नेपाल बनाम मंगोलिया, हांग्जो, 2023, एशियन गेम्स
  • 297/6 - भारत बनाम बांग्लादेश, हैदराबाद, 2024
  • 286/5 - जिम्बाब्वे बनाम सेशेल्स, नैरोबी, 2024
  • 278/3 - अफ़गानिस्तान बनाम आयरलैंड, देहरादून, 2019

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल