SL vs OMA: पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-बी मुकाबले में श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने ऐसी विस्फोटक पारी खेली, जिसने पूरे स्टेडियम को रोमांच से भर दिया। हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ डक पर आउट होकर T20I क्रिकेट में 16वीं बार डक का अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले शनाका ने इस बार आलोचकों को करारा जवाब दिया। ओमान के खिलाफ उन्होंने 19 गेंदों में अर्धशतक ठोककर इतिहास रच दिया।
कप्तान ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड
शनाका ने अपनी इस तूफानी पारी में 5 छक्के और 2 चौके जड़े। 19 गेंदों में फिफ्टी पूरी करते ही वह श्रीलंका की ओर से T20I क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। दिलचस्प बात ये है कि शनाका ने अपना ही रिकॉर्ड ध्वस्त किया। इससे पहले उन्होंने भारत के खिलाफ 2023 में 20 गेंदों पर अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया था।
ओमान के खिलाफ इस तूफानी अर्धशतकीय पारी के दौरान लंका के कप्तान का स्ट्राइक रेट 250 रहा। हालांकि, अर्धशतक के तुरंत बाद उनकी पारी समाप्त हो गई, लेकिन तब तक वह टीम का स्कोर 199 रन पहुंचा चुके थे। उनकी कप्तानी पारी की बदौलत श्रीलंका की टीम ओमान के खिलाफ 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 225 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।
रोहित शर्मा के बराबर पहुंचे शनाका
19 गेंदों पर आया यह अर्धशतक न सिर्फ श्रीलंका की ओर से T20I वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज पचासा है, बल्कि ओवरऑल सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाजों के खास क्लब में भी शनाका का नाम शामिल हो गया है। T20I क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड युवराज सिंह (12 गेंद) के नाम है। उनके बाद स्टीफन मयबर्ग, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, केएल राहुल, शोएब मलिक और रोहित शर्मा का नाम आता है। अब दासुन शनाका भी 19 गेंदों में फिफ्टी के साथ इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हो गए हैं।
T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज
- युवराज सिंह - 12
- स्टीफन मायबर्ग - 17
- मार्कस स्टोइनिस - 17
- ग्लेन मैक्सवेल - 18
- केएल राहुल - 18
- शोएब मलिक - 18
- रोहित शर्मा - 19
- दासुन शनाका - 19
यह भी पढ़ें:
IND vs NAM: टीम इंडिया की प्लेइंग XI में होगा बड़ा बदलाव? ओपनिंग में खलेगी स्टार बल्लेबाज की कमी!
अब कब दिखेगा वैभव सूर्यवंशी का तूफान? इस बड़े टूर्नामेंट में दिखेगा जलवा!