1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शतक लगाकर स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, ये रिकॉर्ड बनाने वाली पहली भारतीय महिला प्लेयर

शतक लगाकर स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, ये रिकॉर्ड बनाने वाली पहली भारतीय महिला प्लेयर

 Written By: Govind Singh
 Published : Jun 19, 2024 04:24 pm IST,  Updated : Jun 19, 2024 04:49 pm IST

Smriti Mandhana: स्मृति मंधाना पिछले कुछ समय से बहुत ही अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बेहतरीन शतक लगाया है। इससे पहले पिछले मैच में भी उन्होंने सेंचुरी जड़ी थी।

Smriti Mandhana- India TV Hindi
Smriti Mandhana Image Source : PTI

Smriti Mandhana Century: भारतीय महिला टीम और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज हो रही है। टीम इंडिया पहला वनडे मैच जीत चुकी है। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है। इस मैच में साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोलवार्ड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मैच में भारत के लिए स्मृति मंधाना ने शतक लगाया और खास रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने मिताली राज की भी बराबरी कर ली है। 

स्मृति मंधाना की बेहतरीन बल्लेबाजी

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में स्मृति मंधाना ने कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने पारी की शुरुआत से ही दमदार बैटिंग का नमूना पेश किया। मंधाना ने 103 गेंदों में 100 रन पूरे कर किए। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया। वह शानदार फॉर्म में चल रही हैं। पिछले मैच में भी उन्होंने 117 रनों की पारी खेली थी। वह वनडे क्रिकेट में लगातार दो शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला प्लेयर बनी हैं। उनसे पहले कोई भी भारतीय महिला प्लेयर वनडे क्रिकेट में लगातार दो शतक नहीं लगा पाई थी। 

मिताली राज की कर ली बराबरी 

स्मृति मंधाना के वनडे करियर का ये कुल 7वां शतक है। इसी के साथ उन्होंने मिताली राज की बराबरी कर ली है। मिताली ने भी वनडे में 7 शतक लगाए हुए हैं। अब मंधाना दिग्गज मिताली राज के साथ भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाली प्लेयर बन गईं हैं। मंधाना ने भारत के लिए 84 पारियां खेलकर ही 7 शतक लगा दिए हैं। जबकि मिताली ने 211 पारियां खेलकर 7 सेंचुरी जड़ी थीं। 

भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाली महिला प्लेयर्स: 

स्मृति मंधाना- 7 शतक 

मिताली राज- 7 शतक 
हरमनप्रीत कौर- 5 शतक 
पूनम राउत- 3 शतक

वनडे क्रिकेट में खेली सर्वश्रेष्ठ पारी

स्मति मंधाना ने दूसरे वनडे मैच में 120 गेंदों में 136 रन बनाए, जिसमें 18 चौके और 2 छक्के शामिल हैं। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी खेली है। इससे पहले वनडे क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन था, जो उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ साल 2018 में लगाया था। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल