1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़कर हासिल कर ली नंबर-1 की कुर्सी

स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़कर हासिल कर ली नंबर-1 की कुर्सी

 Written By: Govind Singh
 Published : Dec 29, 2025 06:54 am IST,  Updated : Dec 29, 2025 08:02 am IST

स्मृति मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी20 मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी की और उन्होंने मैदान के हर तरफ स्ट्रोक लगाकर दमदार अर्धशतक लगाया। उन्हें अच्छे खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।

smriti mandhana- India TV Hindi
स्मृति मंधाना Image Source : PTI

Smriti Mandhana: भारतीय महिला टीम ने शानदार अंदाज में श्रीलंकाई महिला टीम को चौथे टी20 मैच में 30 रनों से हरा दिया। मैच में दोनों टीमों की तरफ से रनों की बरसात देखने को मिली। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के अर्धशतकों की बदौलत टीम इंडिया ने 221 रनों का हिमालय जितना बड़ा स्कोर खड़ा किया, जहां तक पहुंचने के लिए श्रीलंका ने भरसक प्रयास किया, लेकिन विरोधी टीम निर्धारित 20 ओवर्स में कुल 191 रन ही बना सकी।

स्मृति मंधाना ने लगाया दमदार अर्धशतक

स्मृति मंधाना ने अपनी पारी की शुरुआत से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और श्रीलंकाई गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने 48 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनका शेफाली वर्मा ने अच्छा साथ निभाया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी की थी और बड़े स्कोर की नींव रख दी थी। श्रीलंकाई बॉलर्स को समझ ही नहीं आया कि उन्हें किस लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करें। शेफाली ने 79 रनों की पारी में 12 चौके और एक छक्का जड़ा।

हरमनप्रीत कौर का तोड़ा रिकॉर्ड

स्मृति मंधाना अपनी पारी में तीन छक्के जड़ते ही महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्सर लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गईं। इससे पहले यह रिकॉर्ड हरमनप्रीत कौर के नाम था, जिसे अब मंधाना ने तोड़ दिया है और नंबर-1 की कुर्सी हासिल कर ली है। मंधाना के नाम पर महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 80 छक्के हो गए हैं, जबकि हरमनप्रीत ने 78 छक्के लगाए थे।

महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाली भारतीय बल्लेबाज:

भारतीय महिला बल्लेबाज छक्के
स्मृति मंधाना 80
हरमनप्रीत कौर 78
शेफाली वर्मा 69
ऋचा घोष 39
जेमिमा रोड्रिगेज 22

शेफाली वर्मा को किया पीछे

इसके अलावा स्मृति मंधाना श्रीलंका के खिलाफ महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली भारतीय प्लेयर बन गई हैं। उन्होंने शेफाली वर्मा को पीछे किया है। शेफाली ने लंका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में ही 79 रन बनाए थे। अब मंधाना ने 80 रनों की पारी खेलकर कमाल कर दिया।

श्रीलंकाई कप्तान का अर्धशतक गया बेकार

बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम के लिए हासिनी परेरा और चमारी अट्टापट्टू ने पहले विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की। कप्तान अट्टापट्टू ने 52 रनों की पारी जरूर खेली। वहीं हासिनी के बल्ले से 33 रन निकले। इमेशा दुलानी ने 29 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स ने बल्लेबाजी तो अच्छी की, लेकिन लंका को जीत नहीं दिला पाईं। श्रीलंकाई महिला टीम 191 रन ही बना पाई थी।

यह भी पढ़ें:

IND vs SL: टीम इंडिया ने चौथा टी20 मैच 30 रनों से किया अपने नाम, सीरीज में क्लीन स्वीप की तरफ बढ़ाए कदम

स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने मिलकर रचा इतिहास, महिला टी20 इंटरनेशनल में ये कारनामा करने वाली बनी पहली जोड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल