Smriti Mandhana Record: भारतीय महिला टीम इन दिनों साउथ अफ्रीका के दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में खेला गया, जिसे साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में स्मृति मंधाना सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हुई, इसके साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा का बहुत बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह अब टी20 इंटरनेशनल (मेंस+वुमेंस) में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई है। इससे पहले ये रिकॉर्ड टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा के नाम था। भारत ने डरबन में खेले गए इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए 157 रन बनाए थे, मेजबान साउथ अफ्रीका ने 19.1 ओवर में टारगेट को चेज कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
टी20 इंटरनेशनल में कैसा रहा रोहित शर्मा और स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड?
रोहित शर्मा की बात करें तो उन्होंने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। संन्यास लेने से पहले रोहित ने अपने करियर में 159 मैचों में 4231 रन बनाए थे, जिसमें 5 शतक और 32 अर्धशतक शामिल थे। अब मंधाना ने उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 161 T20I मैचों में स्मृति मंधाना ने 30.53 के औसत और 124.45 के स्ट्राइक रेट से 4244 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 33 अर्धशतक शामिल हैं। मंधाना ने ये सभी रन 124.45 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।
वुमेंस टी20 इंटरनेशनल में किस प्लेयर ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
वुमेंस टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर्स की बात करें तो वहां न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के बाद स्मृति मंधाना का नाम दूसरे नंबर पर है। बेट्स ने अपने करियर में 181 मैचों में 4717 रन बनाए हैं। वहीं 161 मैचों में 4244 रन बनाकर मंधाना लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। वहीं तीसरे नंबर पर टीम इंडिया की हरमनप्रीत कौर का नाम है। उन्होंने अब तक 191 मैचों में 3869 रन बनाए हैं। श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टू का नाम लिस्ट में चौथे नंबर पर है। उनके बल्ले से 154 मैचों में 3637 रन आए हैं। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं, उन्होंने 151 मैचों में 3587 रन बनाए हैं।
IND vs SA: पहले टी20 मैच का हाल
मुकाबले की बात करें तो टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 157 रन ही बना पाई। मंधाना के जल्दी आउट होने के बाद शैफाली वर्मा ने 20 गेंदों पर 34 रन बनाए। वहीं जेमिमा रोड्रिग्स ने 36 रन बनाए। नंबर-4 पर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 47 रनों की पारी खेली, वह अंत तक नाबाद रहीं। 158 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका के लिए ओपनिंग बैटर व कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 39 गेंदों पर 51 रन बनाए। एनेरी डर्कसेन ने 44 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। सीरीज का दूसरा टी20 मैच इसी मैदान पर 19 अप्रैल को खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें
कैमरून ग्रीन ने GT के खिलाफ मैच में क्यों नहीं की गेंदबाजी? कप्तान रहाणे ने किया बड़ा खुलासा