1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA vs AUS: साउथ अफ्रीका को मिली सबसे बड़ी हार, ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ा टीम इंडिया का कीर्तिमान

SA vs AUS: साउथ अफ्रीका को मिली सबसे बड़ी हार, ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ा टीम इंडिया का कीर्तिमान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Aug 24, 2025 04:30 pm IST,  Updated : Aug 24, 2025 04:30 pm IST

साउथ अफ्रीका ने 3 मैचों की ODI सीरीज 2-1 से अपने नाम की। हालांकि, अफ्रीकी टीम को आखिरी ODI मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 276 रनों से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

SA vs AUS- India TV Hindi
साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया Image Source : GETTY

साउथ अफ्रीका ने शर्मनाक हार के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे का समापन किया है। 3 मैचों की ODI सीरीज के पहले 2 मैचों में मेजबान ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाने वाली साउथ अफ्रीका तीसरे और आखिरी मैच में जीत की लय को बरकरार नहीं रख सकी। आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया ने जबरदस्त पलटवार करते हुए साउथ अफ्रीका को बहुत बुरी तरह हराया। इस तरह साउथ अफ्रीका के नाम बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 3 बल्लेबाजों के शतक की बदौलत 50 ओवर में 2 विकेट खोकर 431 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ट्रेविस हेड, कप्तान मिचेल मार्श और कैमरन ग्रीन ने शानदार शतक जड़े। ऑस्ट्रेलिया के पहाड़ जैसे स्कोर के जवाब में साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज लड़खड़ा गए और पूरी टीम महज 24.5 ओवरों में 155 रनों पर ढेर हो गई। इस तरह साउथ अफ्रीका को ODI क्रिकेट के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने 276 रनों से अफ्रीकी टीम को शिकस्त दी और इस तरह मेजबान टीम का सीरीज में क्लीन स्वीप होने से बच गया।

साउथ अफ्रीका के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज

इससे पहले साउथ अफ्रीका को ODI में अपनी सबसे बड़ी हार साल 2023 में भारत के खिलाफ मिली थी। टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 243 रनों से हराया था। अब भारतीय टीम का यह कीर्तिमान अब ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज हो गया है। रनों के लिहाज से ऑस्ट्रेलिया की यह ODI में दूसरी सबसे बड़ी जीत भी है।

साउथ अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 49 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में कूपर कोनोली ने कहर बरपाया। कोनोली ने अकेले ही साउथ अफ्रीका की आधी टीम को पवेलियन का रास्ता दिखाया। उन्होंने 6 ओवर में 22 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए।

ऑस्ट्रेलिया ने गंवाई सीरीज

गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया भले ही तीसरी मैच अपने नाम करने में कामयाब रही लेकिन साउथ अफ्रीका ने पहले दोनों मैच जीतकर 2-1 से सीरीज अपने नाम की। अब साउथ अफ्रीका की टीम अगले महीने इंग्लैंड का दौरा करेगी। इस दौरे पर T20I और ODI दोनों सीरीज खेली जाएंगी। इसके लिए साउथ अफ्रीका ने अपनी टीम का भी ऐलान कर दिया है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल