Kavya Maran buys Pakistani player Abrar Ahmed: इंग्लैंड की 100 बॉल की लीग द हंड्रेड के ऑक्शन में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेकर चल रही अटकलों पर आखिरकार उस समय विराम लग गया, जब पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर को एक ऐसी फ्रेंचाइजी ने खरीद लिया, जिसका सीधा संबंध IPL से है। इस एक डील ने न सिर्फ ऑक्शन का माहौल गर्म कर दिया, बल्कि इंग्लिश मीडिया में चल रही उन खबरों को भी गलत साबित कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि IPL से जुड़े मालिक पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदेंगे।
दरअसल, पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने 1,90,000 पाउंड यानी करीब 2.34 करोड़ रुपये में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया। यह फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ग्रुप के स्वामित्व में है, जिसकी सह-मालकिन काव्या मारन हैं। बता दें, द हंड्रेड के ऑक्शन से पहले खबरें आई थी कि IPL से जुड़ी टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदेंगी। इस खबर के सामने आने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड को बयान जारी करना पड़ा था।
इससे पहले पाकिस्तान के एक और मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक ऑक्शन में बिकने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बने। उन्हें बर्मिंघम फीनिक्स ने 1,40,000 पाउंड यानी करीब 1.72 करोड़ रुपये में खरीदा। हालांकि, इसके बाद सबसे ज्यादा चर्चा अबरार अहमद की डील की रही, क्योंकि उन्हें खरीदने के लिए ट्रेंट रॉकेट्स के साथ कड़ी बोली लगी और अंत में सनराइजर्स लीड्स ने बाजी मार ली।
ऑक्शन से पहले BBC की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि जिन फ्रेंचाइजी मालिकों के पास IPL की टीमें हैं, वे पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदेंगे। द हंड्रेड की आठ में से चार टीमें ऐसे समूहों के स्वामित्व में हैं, जिनका आईपीएल से भी संबंध है। इनमें MI लंदन, सनराइजर्स लीड्स, साउदर्न ब्रेव और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स। लेकिन अबरार अहमद को खरीदकर सनराइजर्स लीड्स ने इन अटकलों को पूरी तरह गलत साबित कर दिया।
द हंड्रेड ऑक्शन के दौरान पाकिस्तान के कई बड़े नामों को अभी तक खरीदार नहीं मिला था। इनमें तेज गेंदबाज हारिस राउफ, ऑलराउंडर शादाब खान और युवा बल्लेबाज सैम अयूब शामिल हैं। वहीं स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने ऑक्शन शुरू होने से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था।
यह भी पढ़ें
टी20 विश्व कप 2026 के बाद कैसी है आईसीसी की रैंकिंग, अब सामने आई टीमों की पूरी तस्वीर
टीम इंडिया अब कब खेलेगी अगला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला, सामने आ गई ये तारीख
संपादक की पसंद