1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट के लिए श्रीलंका ने स्क्वाड में किया बदलाव, मिशारा और अराचिगे की हुई एंट्री

भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट के लिए श्रीलंका ने स्क्वाड में किया बदलाव, मिशारा और अराचिगे की हुई एंट्री

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Aug 20, 2026 09:13 pm IST,  Updated : Aug 20, 2026 09:42 pm IST

श्रीलंका क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ गॉल टेस्ट में मिली एकतरफा हार के बाद अब कोलंबो में खेले जाने वाले दूसरे मुकाबले को लेकर अपने स्क्वाड में दो बदलाव किए हैं, जिसमें कामिल मिशारा और सहान अराचिगे की एंट्री हुई है।

Sri Lanka Cricket Team- India TV Hindi
श्रीलंका क्रिकेट टीम। Image Source : PTI

भारत और श्रीलंका के बीच में खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का अगला मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस मैच को लेकर श्रीलंका ने स्क्वाड में दो बदलाव किए हैं जिसको लेकर गॉल टेस्ट में मिली एकतरफा 165 रनों की हार के बाद उम्मीद भी की जा रही थी। कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट मुकाबले के लिए श्रीलंका ने अपने स्क्वाड में बल्लेबाज कामिल मिशारा के अलावा ऑलराउंडर खिलाड़ी सहान अराचिगे को शामिल किया है जिसमें कुसल मेंडिस और दिनेश चांदिमल बाहर हो गए हैं। वहीं पथुम निसांका की फिटनेस को लेकर अभी भी संशय की स्थिति बनी हुई है।

मेंडिस चोट और चांदिमल आईसीसी नियम की वजह से हुए बाहर

गॉल के स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में हार के बाद क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार सहान अराचिगे और कामिल मिशारा को स्क्वाड में शामिल किया गया है। वहीं कुसल मेंडिस को हैमस्ट्रिंग में लगी चोट के चलते पहले मुकाबले में शामिल नहीं किया गया था जिसमें उनके दूसरे मुकाबले तक फिट होने की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन वह पूरी तरह से फिट नहीं होने की वजह से अब कोलंबो टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं। वहीं दिनेश चांदिमल जो गॉल टेस्ट में श्रीलंकाई प्लेइंग 11 का हिस्सा थे वह फील्डिंग के दौरान चोटिल होने की वजह से बीच मैच से बाहर हो गए थे और उनकी जगह पर कंकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में पासिंदु सूरियबंदारा को शामिल किया गया था। ऐसे में अब चांदिमल आईसीसी के कंकशन प्रोटोकॉल नियम के अनुसार दूसरे मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, जिसमें कम से कम सात दिन के बाद ही उनको मैदान पर दुबारा वापसी करने का मौका मिलेगा।

अचारिगे ने इंडिया-ए के खिलाफ सीरीज में किया था अच्छा प्रदर्शन

कोलंबो टेस्ट के लिए श्रीलंका के स्क्वाड का हिस्सा बने सहान अराचिगे को लेकर बात की जाए तो उन्होंने अब तक एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है। सहान ने कुछ महीने पहले हुई भारत और श्रीलंका की ए टीम के बीच अनऑफिशियल टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था जिसमें वह दूसरे मुकाबले में 127 रनों की पारी खेलने में कामयाब हुए थे। वहीं कामिल मिशारा ने लंका प्रीमियर लीग के हाल में खत्म हुए सीजन में बल्ले से अच्छा फॉर्म दिखाया था। बता दें कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा संस्करण में भारतीय टीम के लिए यह सीरीज 2-0 से जीतना काफी अहम है, जिसके दम पर वह अपनी WTC 2025-27 की रैंकिंग में अपनी पोजीशन में सुधार करने में कामयाब हो पाएगी।

भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट के लिए श्रीलंका का स्क्वाड

धनंजय डिसिल्वा (कप्तान), कामिंदु मेंडिस (उपकप्तान), निरोशन डिकवेला, पासिंदु सोरियबंदारा, रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो, लाहिरु कुमारा, निशान मदुष्का फर्नांडो, लाहिरु उदारा, सोनल दिनुशा, केशरा नुवांथा, सहान अराचिगे, कामिल मिशारा।

ये भी पढ़ें

WTC के फाइनल में क्या टीम इंडिया को मिल पाएगी एंट्री, अभी कितने और टेस्ट मैच हैं बाकी

BCCI के सामने फिर से आ सकती है मोहसिन नकवी की समस्या, महिला एशिया कप को लेकर टिकी सभी की नजरें

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल