1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. गॉल टेस्ट में हार के बाद श्रीलंका को लगा डबल झटका, कुसल मेंडिस और दिनेश चांदिमल दूसरे मैच से हुए बाहर

गॉल टेस्ट में हार के बाद श्रीलंका को लगा डबल झटका, कुसल मेंडिस और दिनेश चांदिमल दूसरे मैच से हुए बाहर

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Aug 19, 2026 09:42 pm IST,  Updated : Aug 19, 2026 09:42 pm IST

श्रीलंका को भारतीय टीम के खिलाफ गॉल टेस्ट मैच में जहां 165 रनों से हार का सामना करना पड़ा तो वहीं अब दूसरे मुकाबले से पहले उन्हें डबल झटका लगा है जिसमें कुसल मेंडिस और दिनेश चांदिमल इस मुकाबले से बाहर हो चुके हैं।

Sri Lanka Cricket Team- India TV Hindi
श्रीलंका क्रिकेट टीम। Image Source : AP

श्रीलंका की टीम को भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 165 रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद श्रीलंकाई टीम को डबल झटका भी लगा है जिसमें कोलंबो में खेले जाने वाले टेस्ट सीरीज के अगले मुकाबले से उनके दो अहम खिलाड़ी कुसल मेंडिस और दिनेश चांदिमल जहां बाहर हो गए हैं तो वहीं पथुम निसांका भी खेलना मुश्किल दिख रहा है। श्रीलंकाई टीम के हेड कोच गैरी कर्स्टन ने तीनों खिलाड़ियों को लेकर अपडेट दिया जिसमें पहले टेस्ट के बीच बाहर होने वाले दिनेश चांदिमल अगले मुकाबले में आईसीसी के नियम के चलते हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

मेंडिस हैमस्ट्रिंग इंजरी से अब तक नहीं उबर पाए

लंका प्रीमियर लीग के शुरुआती दौर में हैमस्ट्रिंग की चोट लगने के बाद से कुसल मेंडिस ने कोई भी कॉम्पिटिटिव क्रिकेट नहीं खेला है। पहले टेस्ट में उनकी जगह पर श्रीलंकाई स्क्वाड में निरोशन डिकवेला को शामिल था जिन्होंने पहली पारी में 80 रन बनाए थे। डिकवेला का दूसरे मुकाबले में भी खेलना तय माना जा रहा है तो वहीं कुसल मेंडिस अब तक अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं। दिनेश चांदिमल को लेकर बात की जाए तो दूसरे टेस्ट से वह अपने आप बाहर हो गए हैं क्योंकि ICC के नियमों के अनुसार सिर में चोट के कारण यदि कोई खिलाड़ी बीच मैच से बाहर होता है तो सात दिनों तक नहीं खेल सकता है। गॉल में चौथे दिन उनके बाहर होने से पासिंदु सूरियाबंदारा को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला था। निसांका अभी भी जून में हुई कलाई की सर्जरी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। माना जा रहा है कि वे मेंडिस की तुलना में मैच के लिए फिट होने के ज्यादा करीब हैं, लेकिन बल्लेबाजी करते समय उन्हें अभी भी परेशानी हो रही है।

कोच कर्स्टन ने तीनों प्लेयर्स को लेकर दिया अपडेट

भारतीय टीम के खिलाफ पहले मुकाबले में मिली हार के बाद श्रीलंकाई टीम के हेड कोच गैरी कर्स्टन ने तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि कुसल मेंडिस हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते अभी उपलब्ध नहीं हैं। दिनेश भी अगले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं। इसलिए इस नजरिए से हमारे कुछ खिलाड़ी टीम में नहीं हैं, लेकिन ऐसे में युवा खिलाड़ियों के पास अपनी दावेदारी पेश करने का शानदार मौका है जो पिछले कुछ सालों से घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। श्रीलंका क्रिकेट को अभी दूसरे टेस्ट के लिए स्क्वाड का ऐलान करना है जिसमें कुछ बदलाव की उम्मीद की जा सकती है।

ये भी पढ़ें

शुभमन गिल ने मानव सुथार के लिए की बड़ी भविष्यवाणी, बताया गॉल टेस्ट में किस वजह से था दबाव

WTC Points Table में बढ़ा टीम इंडिया का PCT, लेकिन रैंकिंग में क्यों नहीं हुआ इजाफा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल