India vs Sri Lanka Series: भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड दौरा पूरा होने के बाद बांग्लादेश के टूर पर जाना था। वहां भारतीय टीम को तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेलनी थी। हालांकि अब ये सीरीज टल गई है। यानी अगस्त में ये सीरीज नहीं खेली जाएगी। लेकिन अब टीम इंडिया वनडे भी खेलेगी और टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज भी होगी, टीम बदली हुई नजर आएगी। खबर आ रही है कि भारतीय टीम श्रीलंका के साथ तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेल सकती है। माना जा रहा है कि अगर इसे हरी झंडी दी गई तो जल्द ही इसका शेड्यूल भी जारी कर दिया जाएगा।
भारत का बांग्लादेश टूर और लंका प्रीमियर लीग स्थगित होने से बनी नई संभावना
भारत का बांग्लादेश दौरा स्थागित हो गया है। इसके बाद बात चल रही है कि भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज खेली जाए। इसमें तीन वनडे और तीन टी20 मैच कराए जा सकते हैं। पहले इसकी वजह जान लीजिए। पहली बात तो ये है कि भारतीय टीम अब बांग्लादेश के टूर पर नहीं जाएगी। यानी उसके पास काफी वक्त खाली है। वहीं दूसरी ओर जुलाई और अगस्त में लंका प्रीमियर लीग होना था, जो अब नहीं होगा। ऐसे में श्रीलंका के खिलाड़ी भी इस वक्त खाली होंगे। लिहाजा सीरीज के कराए जाने में कोई भी अड़चन फिलहाल तो नजर नहीं आ रही है।
दोनों बोर्ड सहमत हुए तो जल्द जारी कर दिया जाएगा शेड्यूल
अभी तक बीसीसीआई और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस बारे में कोई अधिकारिक जानकारी तो नहीं दी गई है, लेकिन न्यूज वायर के हवाले से ये खबर सामने आई है। टीम इंडिया के श्रीलंका दौरे का फिलहाल कोई शेड्यूल नहीं था, लेकिन बांग्लादेश टूर स्थगित होने के बाद नई तस्वीर उभर कर सामने आई है। पता चला है कि अगस्त के आखिर में श्रीलंकाई टीम को जिम्बाब्वे के दौरे पर जाना है, उससे पहले इसी सीरीज को खत्म किया जा सकता है। अगर दोनों बोर्ड इस सीरीज पर सहमत हुए तो जल्द ही शेड्यूल का भी ऐलान किया जा सकता है।
साल 2023 में खेली गई थी पिछली सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच आखिरी बार वनडे और टी20 सीरीज साल 2024 में हुई थी। तब टी20 सीरीज पर टीम इंडिया ने कब्जा किया था, वहीं वनडे सीरीज श्रीलंका ने जीती थी। इस वक्त श्रीलंकाई टीम बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज खेल रही है। जिसमें श्रीलंका के खिलाड़ी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में अगर भारत बनाम श्रीलंका सीरीज होती है तो ये काफी रोचक होगी और कई अच्छे मुकाबले देखने के लिए मिल सकते हैं।