ICC World Test Championship Final Australia vs South Africa: जिसका लंबे समय ये इंतजार था, वो वक्त आखिर आ ही गया। टेस्ट का विश्व कप कहे जाने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल शुरू हो गया है। अब ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने सामने हैं। इस बीच साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार स्टीव स्मिथ ने अपने ही पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने खेले हैं सबसे ज्यादा आईसीसी फाइनल
आपको जानकारी दे दें कि अब तक सबसे ज्यादा आईसीसी फाइनल खेलने का रिकॉर्ड भारत के रोहित शर्मा और विराट कोहली के नाम है। यहां जब आईसीसी फाइनल की बात करते हैं तो उसमें वनडे विश्व कप, टी20 वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल शमिल हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली अब तक 9 आईसीसी के फाइनल खेल चुके हैं। इसके बाद नंबर आता हे रवींद्र जडेजा का, जिन्होंने अब तक आठ आईसीसी फाइनल खेले हैं। भारत के ही युवराज सिंह ने अपने करियर के दौरान सात आईसीसी फाइनल खेलने का गौरव हासिल किया है।
रिकी पोंटिंग की बराबरी पर जा पहुंचे स्टीव स्मिथ
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रहे रिकी पोंटिंग ने अपने क्रिकेट करियर में कुल मिलाकर 6 आईसीसी फाइनल खेले थे, अब उनकी बराबरी पर ही स्टीव स्मिथ भी आ गए हैं। आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जब ऑस्ट्रेलियाई टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ उतरी तो ये उनका छठा फाइनल है। रिकी पोंटिंग और स्टीव स्मिथ के अलावा श्रीलंका के कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने भी अब तक छह आईसीसी फाइनल खेल चुके हैं। वैसे तो सबसे ज्यादा आईसीसी फाइनल खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी ही हैं, लेकिन अगर ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो उसमें अब रिकी पोंटिंग के साथ ही स्टीव स्मिथ का भी नाम आ गया है।
मैच में स्टीव स्मिथ की बल्लेबाजी पर भी रहेगी नजर
स्टीव स्मिथ की हालांकि अभी बल्लेबाजी तो नहीं आई है, लेकिन चूंकि ऑस्ट्रेलिया की पहले बल्लेबाजी है तो उसकी भी बैटिंग जल्द आएगी। अभी पारी का आगाज उस्मान ख्वाजा और मार्नस लाबुशेन ने की है। वैसे तो ऑस्ट्रेलियाई टीम चाहेगी कि स्टीव स्मिथ की बल्लेबाजी जितनी देर में आए, वही अच्छा है, लेकिन ये भी देखना होगा कि अपने छठे आईसीसी फाइनल में स्टीव स्मिथ कैसी बल्लेबाजी करते हैं।