1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्मिथ ने स्टीव वॉ को छोड़ा पीछे, अब निशाने पर रिकी पोंटिंग और एलन बॉर्डर का रिकॉर्ड

स्मिथ ने स्टीव वॉ को छोड़ा पीछे, अब निशाने पर रिकी पोंटिंग और एलन बॉर्डर का रिकॉर्ड

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 09, 2026 03:47 pm IST,  Updated : Oct 09, 2026 03:59 pm IST

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला डरबन के स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें स्टीव स्मिथ ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के साथ अब टेस्ट क्रिकेट में कंगारू टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

Steve Smith- India TV Hindi
स्टीव स्मिथ Image Source : AP

ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी साउथ अफ्रीका के दौरे पर है, जहां वह 9 अक्टूबर से मेजबान टीम के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला डरबन के स्टेडियम में खेल रही है। कंगारू टीम काफी लंबे समय के बाद अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेलने के लिए पहुंची है जिसमें उन्होंने पिछली बार साल 2018 में यहां खेला था जब सैंड पेपर कांड की वजह से उनको काफी आलोचना का भी सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस दौरे को लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं, जिसमें डरबन टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, जिसमें उनकी शुरुआत काफी खराब रही जिसके बाद स्टीव स्मिथ ने एक छोर से पारी को संभाला और लंच के बाद खेल शुरू होते ही वह 25 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन अपनी इस पारी के दम पर उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर ली।

स्मिथ ने स्टीव को छोड़ा पीछे नंबर-3 पर किया कब्जा

टेस्ट क्रिकेट में अभी तक ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एक से एक शानदार खिलाड़ी देखने को मिले हैं, जिसमें एक नाम स्टीव स्मिथ का भी शामिल है। डरबन टेस्ट मैच में जब वह पहले दिन के खेल में बल्लेबाजी करने उतरे तो कंगारू टीम ने 24 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, इसके बाद स्मिथ ने लंच तक एक छोर को संभाले रखा और 25 रन बना लिए थे। इसके दम पर अब स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में स्टीव वॉ को पीछे छोड़ने के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में अब स्मिथ सिर्फ रिकी पोंटिंग और एलन बॉर्डर से पीछे हैं। स्मिथ ने अब तक 126 टेस्ट मैचों में 10945 रन बना लिए हैं तो वहीं स्टीव वॉ ने टेस्ट क्रिकेट में 168 टेस्ट मैचों में 51.06 के औसत से 10927 रन बनाए थे।

ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

  • रिकी पोंटिंग - 13378 रन
  • एलन बॉर्डर - 11174 रन
  • स्टीव स्मिथ - 10945 रन
  • स्टीव वॉ - 10927 रन
  • डेविड वॉर्नर - 8786 रन

पहले सेशन में कंगारू टीम ने गंवा दिए थे तीन विकेट

साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन टेस्ट मैच में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला लेने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए शुरुआत काफी खराब रही, जिसमें ओपनिंग में उतरे ट्रैविस हेड जहां 9 रन बनाकर आउट हुए तो वहीं निक मैडिसन 33 गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद स्टीव स्मिथ और मार्नश लाबुशेन के बीच तीसरे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी देखने को मिली लेकिन पहले सेशन की आखिरी गेंद पर लाबुशेन 37 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

ये भी पढ़ें

भारतीय बल्लेबाजों की खुल गई पोल, बैक टू बैक दो मैचों में रहे फ्लॉप

वैभव सूर्यवंशी का सपना आज होगा साकार! क्या कप्तान श्रेयस अय्यर का दिल पसीजेगा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।