Suryakumar Yadav Record: सूर्यकुमार यादव इस साल के आईपीएल में कमाल का खेल दिखा रहे हैं। खास बात ये है कि इस साल आईपीएल में खेले गए हर मैच में अब तक 25 से ज्यादा रन बनाने में कामयाब रहे हैं। अब उनकी नजर सचिन तेंदुलकर के बहुत बड़े रिकॉर्ड पर है, जो वे तोड़ने के काफी करीब हैं। अब मुंबई इंडियंस की टीम प्लेऑफ में भी पहुंच चुकी है, ऐसे में उनके लिए ये कीर्तिमान अपने नाम करना और भी आसान हो गया है। खास बात ये है कि सचिन तेंदुलकर ने ये कीर्तिमान साल 2010 में बनाया था, तब से लेकर अब तक अटूट है, लेकिन अब लगता है कि 15 साल बाद ये टूट जाएगा।
सचिन तेंदुलकर ने 2010 में मुंबई इंडियंस के लिए बनाए थे 618 रन
आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का कीर्तिमान सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने साल 2010 के आईपीएल में 15 मैच खेलकर 618 रन बनाने का काम किया था। उस साल उन्होंने पांच अर्धशतक लगाए थे। सचिन का औसत 47.53 का था और उन्होंने 132.61 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। तब से लेकर अब तक कोई भी इसे तोड़ नहीं पाया। हालांकि साल 2023 के आईपीएल में सूर्यकुमार यादव उनके काफी करीब पहुंच गए थे। उस साल सूर्या ने 16 मैच खेलकर 605 रन बना दिए थे, लेकिन 618 तक नहीं पहुंच पाए।
सूर्यकुमार यादव को रिकॉर्ड तोड़ने के लिए चाहिए 36 रन
अभी की बात करें तो इस साल सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस की ओर से 13 मैच खेलकर 583 रन बना लिए हैं। अब तक उनका औसत 72.87 का है और वे 170 से भी ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनके पास अभी मौका है कि वे लीग चरण का जो मैच बचा हुआ है, उसी में 600 का आंकड़ा पार करें। इसके बाद जो प्लेऑफ के मैच होंगे, उसमें सचिन तेंदुलकर को पीछे कर दें। यहां से सूर्यकुमार यादव को केवल 36 रन और चाहिए, जो सूर्या एक ही मैच में बना सकते हैं, लेकिन अगर नहीं बने तो फिर उसके बाद भी उनके पास मैच होंगे।
ऑरेंज कैप की रेस में भी दावेदारी पेश कर रहे हैं सूर्यकुमार यादव
खास बात ये है कि सूर्यकुमार यादव ऑरेंज कैप की रेस में भी अपने दावेदारी ठोक रहे हैं। उनसे आगे अब केवल दो ही बल्लेबाज बचे हैं। साई सुदर्शन 617 रन बनाकर पहले और शुभमन गिल 601 रन बनाकर दूसरे पायदान पर हैं। इसके बाद तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव हैं। इन सभी बल्लेबाजों की टीमें प्लेऑफ में हैं, लिहाजा उन्हें और भी मैच खेलने का मौका मिलेगा। हालांकि टीमें कितने मैच खेलेंगी, इसको लेकर अभी पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। देखना होगा कि सूर्यकुमार यादव कब तक सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब होते हैं।