1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दुनिया में अब तक सिर्फ 4 खिलाड़ी कर पाए हैं ऐसा, एशिया कप में सूर्यकुमार के पास इतिहास रचने का मौका

दुनिया में अब तक सिर्फ 4 खिलाड़ी कर पाए हैं ऐसा, एशिया कप में सूर्यकुमार के पास इतिहास रचने का मौका

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Sep 07, 2025 11:06 am IST,  Updated : Sep 07, 2025 11:06 am IST

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया एशिया कप 2025 में दम दिखाने के लिए तैयार है। एशिया कप का 9 सितंबर से UAE में आगाज होगा।

Suryakumar yadav - India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव Image Source : PTI

Suryakumar Yadav: भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर एशिया कप में अपनी बादशाहत दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है। 9 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सरजमीं पर एशिया कप का आगाज होने जा रहा है। इस बार टीम इंडिया की कमान स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी। भारतीय टीम अब तक 8 बार एशिया कप का खिताब जीत चुकी है और इस बार उसकी नजरें नौवीं बार चैंपियन बनने पर टिकी हैं।

भारत के लिए यह टूर्नामेंट न सिर्फ खिताबी जीत का मौका है, बल्कि कप्तान सूर्या के लिए भी इतिहास रचने का सुनहरा अवसर है। दरअसल, सूर्यकुमार यादव इस वक्त T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सातवें स्थान पर हैं। उन्होंने अब तक 146 छक्के लगाए हैं। एशिया कप में उन्हें बस 4 छक्कों की दरकार है और जैसे ही यह आंकड़ा 150 पर पहुंचेगा, सूर्या दुनिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो जाएंगे जिन्होंने T20I में 150 या उससे ज्यादा छक्के जड़े हैं।

सूर्या बनेंगे दुनिया के 5वें बल्लेबाज

अब तक दुनिया के सिर्फ चार बल्लेबाज ही इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। इसमें भारत के रोहित शर्मा (205 छक्के), UAE के कप्तान मुहम्मद वसीम (180 छक्के), न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल (173 छक्के) और इंग्लैंड के जोस बटलर (160 छक्के) का नाम शामिल है। सूर्या 150 छक्के जड़ने वाले पांचवें बल्लेबाज बनने के बेहद करीब हैं।

इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन 149 छक्कों के साथ पांचवें नंबर पर हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल 148 छक्कों के साथ छठे स्थान पर मौजूद हैं। सूर्या अगर एशिया कप के शुरुआती मुकाबलों में ही यह आंकड़ा पार कर लेते हैं, तो पूरन और मैक्सवेल दोनों को पीछे छोड़ देंगे।

T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज

  • रोहित शर्मा- 205
  • मुहम्मद वसीम- 180
  • मार्टिन गुप्टिल- 173
  • जोस बटलर- 160
  • निकोलस पूरन- 149
  • ग्लेन मैक्सवेल- 148
  • सूर्यकुमार यादव- 146

भारतीय टीम की बैटिंग लाइनअप और सूर्या की आक्रामक कप्तानी को देखते हुए फैंस को एशिया कप में जोरदार प्रदर्शन की उम्मीद है। अब देखना यह होगा कि क्या टीम इंडिया 9वीं बार खिताब जीत पाती है और क्या सूर्या अपने बल्ले से नया इतिहास रच पाते हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल