1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मेलबर्न टी20 में हार के बाद कप्तान सूर्या ने खराब बल्लेबाजी पर दिया बयान, बताया कैसे करेंगे अगले मैच में वापसी

मेलबर्न टी20 में हार के बाद कप्तान सूर्या ने खराब बल्लेबाजी पर दिया बयान, बताया कैसे करेंगे अगले मैच में वापसी

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 31, 2025 05:56 pm IST,  Updated : Oct 31, 2025 05:56 pm IST

IND vs AUS: भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न के मैदान पर खेले गए 5 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में टीम इंडिया की हार का सबसे बड़ा कारण खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन रहा।

Suryakumar Yadav- India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव Image Source : AP

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया, जिसे मेजबान टीम 4 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस टी20 सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते धुल गया था, जिसके बाद अब ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया की इस मुकाबले में हार का सबसे बड़ा कारण खराब बल्लेबाजी रही जिसमें उन्होंने पहले 6 ओवर्स के अंदर ही 4 विकेट गंवा दिए थे। भारतीय टीम पूरे 20 ओवर्स भी नहीं खेल पाई और पूरी पारी 18.4 ओवर्स में 125 रन बनाकर सिमट गई थी। टीम इंडिया के इस प्रदर्शन को लेकर मुकाबला खत्म होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव का भी बयान आया जिसमें उन्होंने खराब बल्लेबाजी को हार का बड़ा कारण बताया।

जब आप पावर प्ले में 4 विकेट गंवा देते हैं तो फिर वापसी करना मुश्किल होता है

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टी20 मैच में हार के बाद ब्रॉडकास्टर को दिए अपने बयान में कहा कि जोश हेजलवुड ने काफी शानदार गेंदबाजी की, जिसमें पावर प्ले में यदि आप अपने चार विकेट गंवा देते हैं तो फिर उसके बाद आपके लिए मैच में वापसी करना काफी मुश्किल हो जाता है। इसका पूरा श्रेय ऑस्ट्रेलियाई टीम के गेंदबाजी प्रदर्शन को जाना चाहिए। अभिषेक शर्मा ने इस मैच में अच्छी बल्लेबाजी की और वह पिछले कुछ समय से ऐसा ही करते आ रहे हैं। अभिषेक अपने खेल को काफी बेहतर तरीके से जानते हैं और ये अच्छी बात है कि वह उसे बदलने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वह इसी तरह से आगे भी खेलते रहेंगे जिसमें ऐसी कई और पारियां हमें देखने को मिलेंगी।

हमें वही करना होगा जो हमने पहले मैच में किया था

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस टी20 सीरीज का भारतीय टीम को अब अगला मुकाबला 2 नवंबर को होबार्ट के मैदान पर खेलना है। इस मैच के लिए टीम इंडिया के पास बेहतर तैयारी के साथ वापसी करने के लिए अधिक समय नहीं है। इसी को लेकर जब टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यदि हम उस मैच में भी पहले बल्लेबाजी करते हैं तो हमें पहले मैच की तरह अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी ताकि बड़ा स्कोर बनाया जा सके, जिससे गेंदबाजों के पास डिफेंड करने के लिए एक बेहतर स्कोर रहे।

ये भी पढ़ें

सूर्यकुमार यादव के लिए बुरा सपना साबित हो रहा है साल 2025, सातवीं बार देखना पड़ा ऐसा दिन

इस खिलाड़ी को क्यों मौका नहीं दे रहे कप्तान सूर्या, भारत के लिए ले चुका सबसे ज्यादा T20I विकेट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल