1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 WC 2022: पाकिस्तान के हार की सबसे बड़ी वजह, 'कुदरत के निजाम' ने ही दे दिया धोखा

T20 WC 2022: पाकिस्तान के हार की सबसे बड़ी वजह, 'कुदरत के निजाम' ने ही दे दिया धोखा

 Written By: Rajeev Rai @Rajeev_Bharat
 Published : Nov 14, 2022 09:38 am IST,  Updated : Nov 14, 2022 09:49 am IST

T20 WC 2022: पाकिस्तान को इंग्लैंड के हाथों रोमांचक मुकाबले में हार का करना पड़ा सामना।

PAK vs ENG, t20 world cup- India TV Hindi
पाकिस्तान क्रिकेट टीम Image Source : GETTY

T20 WC 2022: पाकिस्तान का दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया। बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम को मेलबर्न में खेले गए खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। रोमांचक मुकाबले में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तान की टीम 137 रन के अपने स्कोर का बचाव करने में नाकाम रही। इंग्लैंड ने बेन स्टोक्स की 52 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत पाकिस्तान के इस छोटे से लक्ष्य को 19 ओवर में ही हासिल कर लिया।

पाकिस्तान के साथ किस्मत ने किया मजाक

पाकिस्तान की हार के साथ ही उसका 1992 की वर्ल्ड कप जीत को दोहराने का अनोखा सपना भी चकनाचूर हो गया। दरअसल पाकिस्तान ने इमरान खान की कप्तानी में 30 साल पहले 1992 में मेलबर्न के मैदान पर ही इंग्लैंड को हराकर अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप जीता था। ऐसे में इस बार कुछ ऐसे संयोग बने जिसे देखकर पाकिस्तान के लोगों और वहां के पूर्व क्रिकेटरों को 1992 जैसा कुछ कमाल होने की उम्मीद जगी और उन्होंने इसे कुदरत का निजाम भी बताया। हालांकि बेन स्टोक्स और सैम कुरेन ने उनकी सारे अरमानों पर पानी फेर दिया। यही नहीं मैच के दौरान पाकिस्तान को किस्मत ने भी जबरदस्त धोखा दिया और एक समय जहां वह मैच उसकी पकड़ में था तो वहीं एक घटना ने उसे खिताब की पहुंच से ही दूर कर दिया।  

Shaheen Afridi, pak vs eng, t20 world cup
Image Source : PTIचोटिल होने के बाद शाहीन अफरीदी

अफरीदी के लिए कैच पकड़ना पड़ा भारी

दरअसल दूसरी पारी में 12 ओवर खत्म होने के बाद इंग्लैंड को जीत के लिए 48 गेंदों में 56 रन की दरकार थी और उसकी तरफ से हैरी ब्रूक और बेन स्कोक्स मिलकर चौथे विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी कर चुके थे। लेकिन अगले ओवर की तीसरी गेंद पर ब्रूक ने शादाब खान के खिलाफ लॉन्ग ऑफ की तरफ हवाई शॉट खेला जिसे शाहीन अफरीदी ने लपक लिया। शाहीन ने बाउंड्री के पास ब्रूक का शानदार कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन तो भेज दिया लेकिन इस दौरान वह खुद अपना टखना चोटिल कर बैठे।

PAK vs ENG
Image Source : APचोटिल होने के बाद शाहीन अफरीदी

मोईन-स्टोक्स ने उठाया फायदा

शाहीन चोटिल होने से पहले दो ओवर की गेंदबाजी कर चुके थे और इस दौरान उन्होंने 13 रन देकर एक विकेट भी हासिल किया था। ऐसे में बाबर ने उनके आखिरी दो ओवर डेथ ओवरों के लिए बचाकर रखे थे। लेकिन शाहीन की चोट का खामियाजा पाकिस्तान को 16वें ओवर में भुगतना पड़ा। 16वां ओवर शुरू होने से पहले इंग्लैंड को जीत के लिए 30 गेंदों में 41 रन की जरूरत थी। शाहीन ने पहली गेंद पर मोईन को पूरी तरह से चकमा दिया। लेकिन इसके बाद वह दर्द से कराहते हुए ओवर को बीच में ही छोड़कर मैदान से बाहर चले गए। अफरीदी के हटने के बाद इफ्तिखार अहमद ने आखिरी की पांच गेंदें फेंकी जिसपर मोईन अली और स्टोक्स ने मिलकर 13 रन बटोर लिए। इस ओवर के साथ ही इंग्लैंड ने मैच में वापसी की और पाकिस्तान के हाथ से जीत छीन लिया।

PAK vs ENG, Shaheen Afridi
Image Source : APदर्द से कराहते शाहीन अफरीदी

बाबर ने बताई हार की बड़ी वजह

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने भी मैच के बाद इस बात को स्वीकार किया कि शाहीन का चोटिल होना उन्हें भारी पड़ गया। बाबर ने मैच के बाद कहा कि यदि शाहीन ने वह ओवर किया होता तो चीजें भिन्न हो सकती थी। तब बाएं हाथ के दो बल्लेबाज (स्टोक्स और मोईन अली) क्रीज पर थे और इसलिए मैंने ऑफ स्पिनर को गेंद सौंपी। हमने परिस्थितियों के अनुकूल खेल दिखाया लेकिन 20वें ओवर तक हम पर दबाव था। यदि शाहीन वहां होता तो कहानी अलग हो सकती थी।’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल