T20 World Cup 2022 : टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल तक का सफर तय कर लिया है। अब फाइनल में जाने के लिए भारतीय टीम को इंग्लैंड को हराना होगा। भारत और इंग्लैंड के बीच 10 नवंबर को एडिलेड में मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया के अलावा पाकिस्तान ने भी इस ग्रुप से अंतिम चार में जगह बनाई है। वहीं दूसरे ग्रुप से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीमें भी आखिरी चार में पहुंच गई हैं। इस बीच टीम इंडिया अब इंग्लैंड के खिलाफ नए सिरे से रणनीति बना रही है और उसे हराकर फाइनल में भी जगह पक्की करने पर उसकी नजरें हैं। इस बीच टीम इंडिया की सबसे बड़ी मुश्किल कप्तान रोहित शर्मा का फार्म है। जो अभी एक उस तरह से बल्लेबाजी नहीं कर पाए हैं, जिसके लिए वे जाने और पहचाने जाते हैं। उम्मीद की जानी चाहिए कि सेमीफाइनल और फाइनल में रोहित शर्मा के बल्ले से उसी तरह की पारी निकलेगी, जिसकी उम्मीद की जा रही है।

रोहित शर्मा ने पांच पारियों में बनाए हैं केवल 89 रन, 17 का औसत
रोहित शर्मा अब तक भारत के लिए इस साल के विश्व कप की पांच पारियों में केवल 89 रन ही बना सके हैं। उनका औसत करीब 17 का ही है। रोहित शर्मा ने अपने अंदाज में अब तक केवल नीदरलैंड के खिलाफ ही बल्लेबाजी करने में कामयाब रहे हैं। तब उन्होंने अर्धशतक लगाया था। उसके बाद से उनका बल्ला खामोश है, लेकिन जिस तरह के बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं, उम्मीद है कि वे बड़े मैचों में अपने बल्ले का कमाल दिखाएंगे और टीम की जीत में बड़ी भूमिका भी अदा करते हुए नजर आएंगे। इस बीच अब तक पूर्व कप्तान विराट कोहली और सूर्य कुमार यादव तो गजब फार्म में चल ही रहे हैं और बीच बीच में केएल राहुल ने भी फार्म में आने के संकेत दे दिए हैं। यानी टीम का टॉप आर्डर बदल बदल कर अपना काम कर रहा है, लेकिन जैसे ही रोहित शर्मा फार्म में आए तो टीम और मजबूत दिखाई देगी।

एक भी मैच में पहले विकेट के लिए 50 रन की पार्टनरशिप नहीं कर सकी है टीम इंडिया
रोहित शर्मा की ओर से बड़ी पारी न आ पाने के कारण भारतीय टीम पांच में से चार मैच जीत जरूर गई है, लेकिन एक भी मैच में पहले विकेट के लिए 50 रन की पार्टनरशिप नहीं हो पाई है। इससे विराट कोहली को जल्दी क्रीज पर आना पड़ रहा है। हालांकि इसका एक फायदा ये भी है कि कोहली जैसा इनफार्म बैट्समैन जल्दी आ जाते हैं और उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का मौका मिलता है। लेकिन पहला विकेट जल्दी गिरना भी ठीक नहीं है। अब देखना होगा कि रोहित शर्मा सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ कैसी पारी खेलते हैं। अगर कोहली का बल्ला चला तो ये पक्का है कि टीम इंडिया न केवल फाइनल में एंट्री कर जाएगी, बल्कि फाइनल में जीतकर दूसरी बार टी20 विश्व कप भी अपने नाम कर सकती है।