1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी, साल 2026 में इस भारतीय खिलाड़ी ने जीता

टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी, साल 2026 में इस भारतीय खिलाड़ी ने जीता

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Mar 08, 2026 06:45 pm IST,  Updated : Mar 08, 2026 11:10 pm IST

IND vs NZ Final: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को मात देने के साथ तीसरी बार इस खिताब को अपने नाम कर लिया है। इस मैच में जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी देखने को मिली और वह 4 विकेट लेने में कामयाब रहे।

जसप्रीत बुमराह- India TV Hindi
जसप्रीत बुमराह Image Source : AP

भारत और न्यूजीलैंड के बीच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया 96 रनों से जीतने के साथ इस खिताब को अपने नाम करने में कामयाब रही। भारतीय टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद कीवी टीम टारगेट का पीछा करते हुए 159 रनों पर सिमट गई। टीम इंडिया के लिए इस मैच में जसप्रीत बुमराह का गेंदबाजी में कमाल देखने को मिला जिन्होंने 4 ओवर्स में 15 रन देने के साथ 4 विकेट हासिल किए और फाइनल मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी जीता।

इन खिलाड़ियों ने जीता अब तक फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड

टी20 वर्ल्ड कप का पहला एडिशन साल 2007 में खेला गया था, जिसके फाइनल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत देखने को मिली थी। इस मैच को टीम इंडिया ने अपने नाम किया था। इसके बाद प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड इरफान पठान ने जीता था, जिन्होंने बल्लेबाजी में जहां नाबाद तीन रन बनाए थे, तो वहीं गेंदबाजी में अपने 4 ओवर्स में सिर्फ 16 रन देने के साथ तीन विकेट हासिल किए थे। इसके बाद साल 2009 के टी20 वर्ल्ड कप को पाकिस्तान की टीम ने जीता था और फाइनल मैच में शाहिद अफरीदी ने प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था, जिसमें उन्होंने बल्लेबाजी में जहां नाबाद 54 रनों की पारी खेली थी, तो वहीं गेंदबाजी में 20 रन देने के साथ एक विकेट हासिल किया था।

इंग्लैंड की टीम साल 2010 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप को अपने नाम करने में कामयाब रही थी और फाइनल मैच में उन्हें जीत दिलाने में क्रेग कीजवेटर ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई थी। कीजवेटर ने इस मैच में 63 रनों की पारी खेली थी और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी जीता था। साल 2012 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप को वेस्टइंडीज की टीम ने जीता था और फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मार्लन सैमुअल्स ने जीता था, जिन्होंने बल्ले से 78 रनों की पारी खेलने के साथ गेंदबाजी में 15 रन देकर एक विकेट हासिल किया था।

साल 2014 में श्रीलंका की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम इंडिया को मात देने के साथ पहली बार इस ट्रॉफी को जीतने में सफलता हासिल की थी। फाइनल में श्रीलंका की तरफ से कुमार संगकारा ने 52 रनों की नाबाद पारी खेलने के साथ प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी जीता था। साल 2016 में वेस्टइंडीज की टीम एकबार फिर से टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही थी और उन्होंने फाइनल में इंग्लैंड को मात दी थी। इस मैच में मार्लन सैमुअल्स ने प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था, जिनके बल्ले से 85 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली थी।

ऑस्ट्रेलिया की टीम ने साल 2021 में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को पहली बार अपने नाम किया था, जब उन्होंने न्यूजीलैंड को खिताबी मैच में मात दी थी। इस मैच में कंगारू टीम की तरफ से मिचेल मार्श का कमाल देखने को मिला था, जिन्होंने 77 रनों की बेहतरीन नाबाद पारी खेलने के साथ प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था। इंग्लैंड की टीम ने साल 2022 में दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अपने नाम किया था, जिसमें उन्हें जीत दिलाने में सैम करन ने गेंदबाजी में अहम भूमिका अदा की थी और पाकिस्तान के खिलाफ इस खिताबी मैच में अपने 4 ओवर्स में 12 रन देकर तीन विकेट हासिल किए थे।

भारतीय टीम ने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में साउथ अफ्रीका की टीम को मात देने के साथ दूसरी बार ट्रॉफी को जीता था। इस मैच में टीम इंडिया के लिए विराट कोहली ने बल्ले से अहम भूमिका निभाते हुए 76 रनों की बेहतरीन पारी खेलने के साथ प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था।

टी20 वर्ल्ड कप में 2007 से लेकर अब तक फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी

खिलाड़ी टीम विरोधी टीम साल
इरफान पठान भारत पाकिस्तान 2007
शाहिद अफरीदी पाकिस्तान श्रीलंका 2008
क्रेग कीजवेटर इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया 2010
मार्लन सैमुअल्स वेस्टइंडीज श्रीलंका 2012
कुमार संगकारा श्रीलंका भारत 2014
मार्लन सैमुअल्स वेस्टइंडीज इंग्लैंड 2016
मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलिया न्यूजीलैंड 2021
सैम करन इंग्लैंड पाकिस्तान 2022
विराट कोहली भारत साउथ अफ्रीका 2024
जसप्रीत बुमराह भारत न्यूजीलैंड 2026
ये भी पढ़ें

टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर न्यूजीलैंड के पास खास रिकॉर्ड बनाने का मौका, सिर्फ ऑस्ट्रेलिया कर पाई है ऐसा कारनामा

T20 ​विश्व कप 2026 जीतते ही टीम इंडिया बनाएगी 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड, अभी तक कभी नहीं हुआ ऐसा कमाल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल