पाकिस्तान टीम के T20 वर्ल्ड कप से जल्दी बाहर होने के बाद खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाए जाने की खबरों ने क्रिकेट जगत में हलचल मची हुई है। अब इस पूरे मामले पर पाकिस्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और कहा है कि जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक वह इस पर कुछ भी कहना सही नहीं समझते।
रिजवान ने दिया बयान
आगामी ODI सीरीज के लिए बांग्लादेश दौरे पर पहुंचे पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान से मीडिया ने खिलाड़ियों पर लगाए गए कथित जुर्माने को लेकर सवाल किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने T20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद टीम के सभी खिलाड़ियों पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (करीब 18 हजार USD) का जुर्माना लगाया है। लेकिन रिजवान का कहना है कि अभी तक बोर्ड की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
उन्होंने कहा कि कई लोग उनसे इस बारे में पूछ चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। PCB ने इस मामले पर खुलकर कुछ नहीं कहा है। अगर 50 लाख का जुर्माना लगाया गया है तो उसकी आधिकारिक घोषणा होनी चाहिए। अभी ये सिर्फ मीडिया रिपोर्ट्स हैं, इसलिए वह तभी कुछ कहेंगे, जब इसे आधिकारिक तौर पर घोषित किया जाएगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार यह जुर्माना उस समय लगाया गया जब पाकिस्तान की टीम को ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ 61 रन से हार का सामना करना पड़ा था। यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया था। बताया गया कि टीम मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों से कहा था कि अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच जाता है तो जुर्माना माफ कर दिया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हो सका क्योंकि टीम श्रीलंका के खिलाफ जरूरी अंतर से जीत हासिल नहीं कर पाई और टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
भारत के मैच नहीं देखते रिजवान
इससे पहले रिजवान ने टीम के जल्दी बाहर होने का बचाव भी किया था। उनका कहना था कि पाकिस्तान खराब प्रदर्शन की वजह से नहीं बल्कि नेट रन रेट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हुआ। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सीधे मैच हारकर नहीं बल्कि नेट रन रेट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हुआ था। जब उनसे ICC वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत की इंग्लैंड पर सात रन की जीत के बारे में पूछा गया तो रिजवान ने साफ कहा कि वह भारत के मैच नहीं देखते। उन्होंने कहा कि माफ कीजिए, वह उनके मैच नहीं देखते।
बांग्लादेश पहुंची पाकिस्तानी टीम
इसी बीच पाकिस्तान टीम बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली ODI सीरीज के लिए ढाका पहुंच चुकी है। यह सीरीज 11 मार्च से शुरू होगी। हाल ही में सिलेक्टर्स ने खराब फॉर्म के कारण टीम के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम और युवा खिलाड़ी सैम अयूब को भी ODI टीम से बाहर कर दिया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में पाकिस्तान टीम कैसा प्रदर्शन करती है और क्या PCB खिलाड़ियों पर जुर्माने को लेकर आधिकारिक घोषणा करता है या नहीं।
यह भी पढ़ें: