बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज तमीम इकबाल ने क्रिकेट मैदान से संन्यास लेने के बाद अब प्रशासनिक भूमिका निभाने की इच्छा जताई है। तमीम ने साफ कर दिया है कि वह अक्टूबर में होने वाले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के चुनाव में हिस्सा लेंगे।
बांग्लादेश के लिए जड़े 15 हजार से ज्यादा रन
तमीम इकबाल बांग्लादेश के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। 36 साल के तमीम ने 2007 से 2023 तक 70 टेस्ट मैचों में 5134 रन बनाए। इसमें 10 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 14 शतक और 56 अर्धशतक की बदौलत 243 ODI में 8357 रन जड़े। वहीं, 78 T20I में 1758 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 7 अर्धशतक शामिल रहे। उन्होंने साल 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
तमीम इकबाल ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता निदेशक पद के लिए चुनाव लड़ना है। अगर वे इस पद पर चुने जाते हैं और उन्हें पर्याप्त समर्थन मिलता है, तभी वे आगे चलकर अध्यक्ष पद की दावेदारी पर विचार करेंगे। तमीम ने स्पष्ट किया कि कोई भी यह पहले से नहीं कह सकता कि वह अध्यक्ष बनेगा। यह सब निदेशक मंडल के चुनाव के बाद तय होगा।
बांग्लादेश क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य
पूर्व कप्तान का मानना है कि बांग्लादेश क्रिकेट में बदलाव लाने और सुधार करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण पद पर होना जरूरी है। उनका कहना है कि यदि वे बोर्ड में शामिल होते हैं, तो उनके पास फैसले लेने की ताकत भी होनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अब समय आ गया है कि ऐसे उम्मीदवार को मौका मिले जो वास्तव में खेल को आगे बढ़ा सके।
तमीम ने राजनीति से अलग हटकर बातचीत को खिलाड़ियों और उम्मीदवारों की योग्यता पर केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी का लक्ष्य एक ही होना चाहिए कि बांग्लादेश क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक कैसे लेकर जाना है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि देश को आधुनिक क्रिकेट खेलने की जरूरत है और इसके लिए नेतृत्व करने वालों की सोच भी आधुनिक होनी चाहिए। यदि वे चुनाव जीतते हैं, तो उनकी प्राथमिकता बांग्लादेश में क्रिकेट की सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को मजबूत प्लेटफॉर्म मिल सके।