PAK vs BAN: एशिया कप 2025 सुपर-4 के अहम मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रन से हराकर टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई। अब खिताबी मुकाबला 28 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा, जिसका इंतजार क्रिकेट प्रेमी बेसब्री से कर रहे हैं।
शाहीन अफरीदी ने गेंद से किया कमाल
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम दबाव में पूरी तरह बिखर गई। निर्धारित 20 ओवर में मेहमान टीम 9 विकेट पर केवल 124 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की जीत में सबसे बड़ा योगदान तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का रहा, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन कर टीम को मुश्किल हालात से निकालते हुए जीत दिलाई। अफरीदी ने अपनी घातक गेंदबाजी से 4 ओवर में महज 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और बांग्लादेश के बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी।
इससे पहले मैच की शुरुआत में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी के लिए न्यौता दिया। पाकिस्तान का टॉप ऑर्डर एक बार फिर पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ। हालांकि, मिडिल ऑर्डर और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी निभाई और छोटे-छोटे योगदानों से टीम को 20 ओवर में 8 विकेट पर 135 रन तक पहुंचा दिया।
तस्कीन अहमद ने चटकाए 3 विकेट
बांग्लादेश की ओर से तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 अहम विकेट चटकाए। अहमद ने पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को महज 4 रन पर आउट करके बांग्लादेश को शुरुआती सफलता दिलाई। इसके साथ ही तस्कीन ने बड़ा मील का पत्थर छू लिया। वह T20I क्रिकेट में 100 विकेट पूरे करने वाले बांग्लादेश के तीसरे गेंदबाज बन गए। उनसे पहले यह उपलब्धि मुस्तफिजुर रहमान और शाकिब अल हसन ने हासिल की थी।
बांग्लादेश की ओर से T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- मुस्तफिजुर रहमान - 151
- शाकिब अल हसन - 149
- तस्किन अहमद - 102
गौरतलब है कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के 3-3 गेंदबाजों ने T20I में 100 विकेट चटकाए हैं। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी 100 विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बन सकते हैं। वह 100 विकेट के आंकड़े से सिर्फ 2 विकेट दूर हैं।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तानी टीम ने फिर करवाई जगहंसाई, रन आउट तो हुआ नहीं, ऊपर से कर दी बड़ी मिस्टेक
पाकिस्तान से हुआ ब्लंडर, गली क्रिकेट में लड़के भी नहीं करेंगे ऐसी भयंकर भूल