1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया में 4 विकेट कीपर और 5 स्पिनर, जानिए क्या है पूरा गणित

टीम इंडिया में 4 विकेट कीपर और 5 स्पिनर, जानिए क्या है पूरा गणित

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Jul 15, 2022 06:06 pm IST,  Updated : Jul 15, 2022 06:06 pm IST

team India : टीम इंडिया इस वक्त टी20 ​विश्व कप 2022 की तैयारी में जुटी है, इसलिए सभी का फोकस उसी पर है।

Kuldeep Yadav- India TV Hindi
Kuldeep Yadav Image Source : PTI

Highlights

  • भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जाएगी पांच मैचों की टी20 सीरीज
  • वन डे और टी20 सीरीज के लिए कर दिया गया है टीम इंडिया का ऐलान
  • केएल राहुल और कुलदीप यादव भी टीम में, अभी पूरी तरह फिट नहीं

Team India : इंग्लैंड के खिलाफ वन डे सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच खेलकर टीम इंडिया वेस्टइंडीज के लिए रवाना हो जाएगी। हालां​कि जो टीम अभी खेल रही है, उसमें से कई खिलाड़ियों को वेस्टइंडीज टूर पर रेस्ट दिया गया है। जो खिलाड़ी उस टीम में शामिल नहीं हैं, वे वापस भारत लौट आएंगे। वेस्टइंडीज और भारत के बीच लंबी सीरीज खेली जानी है। इसमें तीन वन डे और पांच टी20 मैच खेले जाएंगे। इस सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। वन डे सीरीज के लिए शिखर धवन को कप्तान बनाया गया है, वहीं टी20 सीरीज में बतौर कप्तान रोहित शर्मा वापसी करेंगे। 

टी20 विश्व कप 2022 की तैयारी में जुटी है टीम इंडिया

टीम इंडिया इस वक्त टी20 ​विश्व कप 2022 की तैयारी में जुटी है, इसलिए सभी का फोकस उसी पर है। टी20 सीरीज के लिए जो टीम चुनी गई है, उसमें चार विकेट कीपर शामिल किए गए हैं। इसमें ईशान किशन, केएल राहुल, दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत का नाम शामिल है। हालांकि केएल राहुल अभी तक पूरी तरह से ठीक नहीं हैं, ऐसे में अगर वे फिट होते हैं तो ही टीम का हिस्सा होंगे, नहीं तो वे इस टूर पर नहीं जाएंगे। वहीं इस टीम में पांच स्पिनर्स को शामिल किया गया है। युजवेंद्र चहल को आराम दिया गया है और रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, रवि बिश्नोई और कुलदीप यादव टीम में शामिल किए गए हैं। युजवेंद्र चहल ने पिछले कुछ महीनों में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे उम्मीद है कि वे टी20 विश्व कप 2022 के लिए टीम में अपनी जगह पक्की कर लेंगे, लेकिन बाकी स्पिनर्स को टीम में जगह बनाने के लिए लगातार बेहतर प्रदर्शन करना होगा। 

सभी खिलाड़ियों को मिल रहा है विश्व कप की टीम में शामिल होने का मौका
भारतीय टीम के सेलेक्टर इस वक्त सभी खिलाड़ियों को मौका दे रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके के कौन सा खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करता है, ताकि टी20 विश्व कप के​लिए एक मजबूत टीम बनाई जा सके। अभी कुछ खिलाड़ियों को छोड़ दिया जाए तो किसी भी जगह विश्व कप के स्क्वायड में पक्की नहीं है, ऐसे में अभी मामला खुला हुआ है, जो भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेगा, वो टीम में शामिल होने का दावा ठोक सकता है। हालांकि ये ताज्जुब की बात है कि विश्व कप अब करीब तीन महीने ही दूर रह गया है, लेकिन भारतीय टीम तैयार नहीं है। भारत ने साल 2013 के बाद से अभी तक कोई भी आईसीसी की ट्रॉफी नहीं जीती है, ऐसे में ये विश्व कप काफी अहम होने जा रहा है। देखना दिलचस्प होगा कि कौन कौन से खिलाड़ी विश्व कप में अपनी जगह बना पाते हैं और भारत का प्रदर्शन कैसा रहता है। 

वेस्टइंडीज दौरे पर टी20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड
रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, केएल राहुल*, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, आर अश्विन, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव*, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।

* केएल राहुल और कुलदीप यादव का फाइनल सेलेक्शन उनकी फिटनेस पर निर्भर होगा।

बल्लेबाज : रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या
विकेट कीपर : ईशान किशन, केएल राहुल, दिनेश कार्तिक, ऋषभ पंत
स्पिनर्स : रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, आर अश्विन, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव
तेज गेंदबाज : भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।