IPL 2026 में रोमांच के बीच अब अनुशासन का मामला भी सुर्खियों में आ गया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार ऑलराउंडर टिम डेविड को मैदान पर शर्मनाक हरकत भारी पड़ गई। मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी गेंद पर मिली रोमांचक जीत के बाद टिम डेविड ने ऐसा इशारा कर दिया, जिस पर IPL ने बड़ा एक्शन लेते हुए उन पर जुर्माना ठोक दिया।
IPL आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाए जाने के बाद टिम डेविड पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा उनके खाते में दो डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक डेविड का अपराध अश्लील, अपमानजनक या आपत्तिजनक इशारा करने से जुड़ा था। यह घटना रायपुर में खेले गए मुकाबले के बाद हुई, जहां RCB ने मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर हराकर बेहद रोमांचक जीत दर्ज की थी।
टिम डेविड की हरकत पर बड़ा एक्शन
मैच के बाद जश्न के दौरान टिम डेविड ने दर्शकों की ओर आपत्तिजनक इशारा किया, जिसके बाद मामला मैच रेफरी तक पहुंचा। IPL के मैच रेफरी अमित शर्मा ने उन्हें दोषी पाया और सजा सुनाई। हालांकि, टिम डेविड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया। IPL में खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर लीग हमेशा सख्त रही है और इस मामले में भी तुरंत कार्रवाई देखने को मिली।
दूसरी बार मिली सजा
यह पहली बार नहीं है, जब टिम डेविड पर उनकी हरकत के लिए भारी जुर्माना लगाया गया है। IPL 2026 सीजन में दूसरा मौका है जब टिम डेविड को IPL आचार संहिता के उल्लंघन के लिए BCCI की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भी मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान उन्हें सजा दी गई थी।
उस मैच में टिम डेविड पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया था। उन पर अंपायर के निर्देशों की अवहेलना करने का आरोप लगा था। IPL की आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाए जाने के बाद BCCI ने उनके खिलाफ यह कार्रवाई की थी। लगातार दूसरी बार अनुशासनात्मक कार्रवाई झेलने के बाद अब टिम डेविड का व्यवहार चर्चा का विषय बन गया है।
यह भी पढ़ें:
बड़ी खबर, नेपाल का दौरा करेगी 2 बार की T20 वर्ल्ड कप विजेता टीम?
DC के खिलाफ काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरी पंजाब की टीम, वजह जानकर आप भी हो जाओगे इमोशनल