1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. GT के खिलाफ ट्रेविस हेड का बल्ला चला तो लगेगी रिकॉर्ड्स की झड़ी, भारत में हासिल करेंगे खास मुकाम

GT के खिलाफ ट्रेविस हेड का बल्ला चला तो लगेगी रिकॉर्ड्स की झड़ी, भारत में हासिल करेंगे खास मुकाम

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Apr 06, 2025 04:11 pm IST,  Updated : Apr 06, 2025 04:17 pm IST

IPL 2025 के 19वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटन्स का आमना-सामना होगा। इस मैच में ट्रेविस हेड के निशाने पर कई बड़े रिकॉर्ड होंगे।

Travis Head- India TV Hindi
ट्रेविस हेड Image Source : INDIA TV

IPL 2025 के 19वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच टक्कर होगी। ये मुकाबला हैदराबाद के घरेलू मैदान राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। सनराजर्स हैदराबाद ने अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स को 44 रनों से मात देकर शानदार अंदाज में सीजन का आगाज किया था, लेकिन अगले 3 मैचों में टीम को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। अब टीम की कोशिश गुजरात के खिलाफ घर में जीत दर्ज करते हुए हार के सिलसिले को तोड़ने की होगी। इस मैच में सभी की निगाहें ट्रेविस हेड पर टिकी होंगी, जिनका बल्ला पहले मैच के बाद से शांत पड़ा हुआ है। अगर आज गुजरात के खिलाफ उनका बल्ला चलता है, तो कई बड़े रिकॉर्ड वह अपने नाम कर लेंगे।

खास क्लब में होगी हेड की एंट्री

दरअसल, ट्रेविस हेड IPL में 1000 रन बनाने के बेहद करीब हैं। इस खास उपलब्धि को हासिल करने के लिए उन्हें सिर्फ 88 रनों की दरकार है। हेड यह ऐतिहासिक आंकड़ा छूने वाले 15वें ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बन जाएंगे। उनसे पहले स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर, माइकल हसी, मैथ्यू हेडन, शेन वॉटसन, एडम गिलक्रिस्ट जैसे 14 ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटरों ने IPL में 1000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। साल 2016 में IPL में डेब्यू करने वाले हेड 29 मैचों में 36.48 के औसत और 176.40 के शानदार स्ट्राइक रेट से 912 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं।

भारतीय सरजमीं पर रचेंगे इतिहास

IPL में हेड के बल्ले से 95 चौके निकले हैं। गुजरात के खिलाफ 5 चौके जड़ते ही वह IPL में अपने 100 चौके पूरे कर लेंगे। वहीं, 4 छक्के जड़ते ही धाकड़ बल्लेबाज के नाम IPL में 50 छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा।  IPL में उनके नाम अभी 46 छक्के हैं। इस दौरान वह भारतीय सरजमीं पर T20 क्रिकेट में 50 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे। इसके लिए उन्हें सिर्फ एक छक्के की जरूरत है।

गौरतलब है कि हेड ने T20 क्रिकेट में 150 मैचों की 146 पारियों में 4076 रन जड़े हैं। इसमें 194 छक्के भी शामिल हैं। अगर आज उनके बल्ले से 6 छक्के निकलते हैं, तो वह T20 क्रिकेट में 200 छक्के जड़ने का बड़ा कारनामा कर देंगे। इन आंकड़ों से साफ है कि गुजरात के खिलाफ हेड के पास कई बड़े कीर्तिमान बनाने का शानदार मौका होगा। SRH फैंस को भी अपने स्टार खिलाड़ी से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल