1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Umran Malik Record Alert: उमरान मलिक ने एक हफ्ते में ही तोड़ा अपना रिकॉर्ड, सबसे तेज गेंद के मामले में बनाया नया कीर्तिमान

Umran Malik Record Alert: उमरान मलिक ने एक हफ्ते में ही तोड़ा अपना रिकॉर्ड, सबसे तेज गेंद के मामले में बनाया नया कीर्तिमान

 Written By: Rajeev Rai @Rajeev_Bharat
 Published : Jan 10, 2023 08:11 pm IST,  Updated : Jan 10, 2023 08:43 pm IST

Umran Malik Record Alert: भारतीय तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में भारत के लिए फेंकी सबसे तेज गेंद।

Umran Malik, ind vs sl- India TV Hindi
उमरान मलिक Image Source : AP

Umran Malik Record Alert: भारत के युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक एक के बाद एक नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। 23 साल के दाएं हाथ के इस गेंदबाज ने श्रीलंका के खिलाफ पहले ही मुकाबले में अपनी रफ्तार से एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। उन्होंने गुवाहाटी में श्रीलंकाई पारी के 14वें ओवर में 156 किमी/घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर अपने एक हफ्ते पुराने रिकॉर्ड को ही तोड़ दिया।

उमरान ने बरसापारा स्टेडियम में अपने पहले स्पेल के दूसरे ही ओवर की चौथी गेंद पर अपने रिकॉर्ड को बेहतर किया। उन्होंने इस ओवर में न सिर्फ 156 किमी/घंटे की रफ्तार से गेंद डाली बल्कि आखिरी गेंद पर असलंका का विकेट भी हासिल किया। उमरान ने इस ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद भी 151 की रफ्तार से डाली थी।

एक हफ्ते पहले तोड़ा था बुमराह का रिकॉर्ड

गौरतलब है कि इससे पहले उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ ही 4 जनवरी को खेले गए टी20 मुकाबले में 155 किमी/घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर भारत के सबसे तेज गेंदबाज बनने की उपलब्धि हासिल की थी। उस समय उन्होंने जसप्रीत बुमराह (153.36 किमी/घंटे) के रिकॉर्ड को तोड़ा था। उमरान ने तब उस गेंद पर श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका का बड़ा विकेट लेकर टीम को अहम सफलता दिलाई थी।

umran malik, ind vs sl
Image Source : BCCIउमरान मलिक

भारत के लिए सबसे तेज गेंद

  • उमरान मलिक: 156 km/h
  • उमरान मलिक: 155 km/h
  • जसप्रीत बुमराह: 153.36 km/h
  • मोहम्मद शमी: 153.30 km/h
  • नवदीप सैनी: 152.85 km/h

आईपीएल में 156.9 की रफ्तार से फेंकी थी गेंद

बता दें कि भले ही यह उमरान के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे तेज गेंद है लेकिन आईपीएल में वह 156.9 की रफ्तार से गेंद फेंक चुके हैं। उन्होंने यह कारनामा आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ किया था।

पहले वनडे में लिए 3 विकेट 

बात करें मैच की तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने विराट कोहली के 45वें एकदिवसीय शतक और रोहित-गिल की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 373 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम ने खबरे लिखे जाने तक 37 ओवर में 7 विकेट खोकर 203 रन बना लिए थे। भारत की तरफ से उमरान मलिक ने 6 ओवर की गेंदबाजी में 3 विकेट झटक लिए थे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल