1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सैंडपेपर कांड पर उस्मान ख्वाजा का हैरान करने वाला खुलासा, बोले- इसमें सबकी मिलीभगत थी

सैंडपेपर कांड पर उस्मान ख्वाजा का हैरान करने वाला खुलासा, बोले- इसमें सबकी मिलीभगत थी

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Nov 07, 2026 11:16 am IST,  Updated : Nov 07, 2026 11:16 am IST

उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में एक बड़ा खुलासा किया है। साल 2018 के बहुचर्चित 'सैंडपेपर कांड को लेकर साल 2021 में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने दावा किया था कि उन्हें इस साजिश के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

Usman Khwaja- India TV Hindi
उस्मान ख्वाजा Image Source : AP

साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज के दौरान हुए सैंडपेपर कांड को लेकर अब एक बड़ा सच सामने आया है। इस विवाद में सिर्फ डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ का नाम सामने आया था और बाकी खिलाड़ियों का यही कहना था कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता था। साल 2021 में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने भी एक बयान जारी कर इससे पूरी तरह अनजान होने का दावा किया था। लेकिन अब पूर्व क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब 'सब्र' में इसको लेकर बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि इस साजिश के बारे में टीम के सभी खिलाड़ियों को पहले से ही पूरी जानकारी थी।

बॉल टेम्परिंग विवाद को लेकर उस्मान ख्वाजा ने क्या कहा?

10 नवंबर को उस्मान ख्वाजा की ऑटोबायोग्राफी 'सब्र' रिलीज होने वाली है। इससे पहले उन्होंने न्यूज पेपर नाइन को दिए इंटरव्यू में एक नया और चौंकाने वाला सच सामने रखा है। उन्होंने दावा किया कि बॉल टैम्परिंग का यह खेल केप टाउन टेस्ट से पहले ही, यानी पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए पिछले टेस्ट मैच के दौरान ही शुरू हो गया था। ख्वाजा ने सवाल उठाया है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के जांच अधिकारियों ने केप टाउन टेस्ट के दौरान ड्रेसिंग रूम में कैमरन बैनक्रॉफ्ट के ठीक बगल में बैठने के बावजूद उनसे कभी पूछताछ क्यों नहीं की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस गलती में सिर्फ बल्लेबाज, गेंदबाज या कोचिंग स्टाफ ही नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में मौजूद पूरी टीम यानी हम सब शामिल थे।

उस्मान ख्वाजा ने आगे यह भी बताया कि उन्होंने अब इतने सालों बाद इस सच को सबके सामने लाने का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा कि अगर सब कुछ उनकी मर्जी से होता, तो वह कभी इस तरह सामने आकर यह सब नहीं बताते और न ही वे ऐसे इंसान बनना चाहते हैं जो आकर पोल खोले। लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्हें पूरी उम्मीद थी कि 8 साल बीत जाने के बाद अब तक तो सच खुद-ब-खुद दुनिया के सामने आ ही गया होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

पूरी टीम को लेनी चाहिए थी जिम्मेदारी- उस्मान ख्वाजा

उस्मान ख्वाजा का मानना था कि इस कांड की पूरी जिम्मेदारी किसी एक-दो नहीं बल्कि पूरी टीम को आपस में मिलकर उठानी चाहिए थी, न कि सारा ठीकरा सिर्फ तीन खिलाड़ियों पर फोड़ना चाहिए था। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने ड्रेसिंग रूम में अपने साथियों से बात करके सबकी जिम्मेदारी लेने को कहा था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ख्वाजा के मुताबिक इस स्कैंडल का स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट की जिंदगी पर बहुत बुरा असर पड़ा और ये तीनों अकेले ही इस पूरे कांड का भारी बोझ ढोते रहे।

यह भी पढ़ें

शमी के टेस्ट रिटायरमेंट पर आया गेंदबाजी कोच का बयान, कहा - उनके होने से काफी फर्क पड़ता है

गुरनूर बरार ने वेलिंग्टन में गेंद से बरपाया कहर, 6 गेंदों के अंदर फिलिप्स और लैथम को भेजा पवेलियन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।