1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट सीरीज से पहले दिखाया धमाकेदार फॉर्म, जड़ा बैक टू बैक दूसरा शतक

यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट सीरीज से पहले दिखाया धमाकेदार फॉर्म, जड़ा बैक टू बैक दूसरा शतक

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Nov 07, 2026 09:01 am IST,  Updated : Nov 07, 2026 09:01 am IST

भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के जारी दौरे पर 19 नवंबर से 2 टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेलनी है, जिसकी तैयारियों को लेकर इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए टीम के बीच में खेले जा रहे तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट में टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के बल्ले से शानदार शतकीय पारी देखने को मिली है।

Yashasvi Jaiswal- India TV Hindi
यशस्वी जायसवाल Image Source : AP

भारतीय टीम अभी न्यूजीलैंड के लंबे दौरे पर है जिसमें टी20 सीरीज खत्म होने के बाद वनडे सीरीज खेल रही है और उसके खत्म होने के बाद टीम इंडिया को 19 नवंबर से मेजबान टीम के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है। इसकी तैयारियों को लेकर टेस्ट स्क्वॉड के अधिकतर खिलाड़ी न्यूजीलैंड काफी पहले पहुंच गए थे जिसमें वह न्यूजीलैंड ए टीम के खिलाफ तीन मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में खेल रहे हैं। इसके तीसरे मुकाबले की शुरुआत 7 नवंबर से बर्ट सटक्लिफ ओवल, लिंकन में हुई जिसमें न्यूजीलैंड-ए टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और फिर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए टीम की तरफ से ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के बल्ले का कमाल देखने को मिला जिन्होंने शानदार शतकीय पारी खेलने के साथ टेस्ट सीरीज की शुरुआत से पहले अपने फॉर्म को हासिल कर लिया है।

जायसवाल ने जड़ा बैक टू बैक दूसरा शतक

यशस्वी जायसवाल जो इस अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज के पहले मैच में अपने बल्ले से कोई कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके थे, उनके बल्ले से दूसरे मैच की पहली पारी में भी निराशा ही हाथ लगी, लेकिन इसके बाद जायसवाल ने दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में इंडिया-ए टीम दूसरी पारी में 155 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेलने के साथ अपने फॉर्म में वापस आने का संदेश सभी को दिया। अब तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट में इंडिया-ए की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल के बल्ले से शानदार शतकीय पारी पहले दिन के दूसरे सेशन के खेल में देखने को मिली। जायसवाल इस दौरान काफी आक्रामक तरीके से बल्लेबाजी करते हुए नजर आए जिसमें वह 138 गेंदों में 16 चौके और 2 छक्कों के दम पर 102 रनों की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। वहीं उन्होंने साई सुदर्शन के साथ मिलकर इंडिया-ए को अच्छी शुरुआत देने के साथ पहले विकेट के लिए 175 रनों की बड़ी साझेदारी भी की।

बुमराह भी कर रहे हैं लंबे समय के बाद वापसी

न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह भी टीम इंडिया के स्क्वॉड का हिस्सा हैं और वह तैयारियों को ध्यान में रखते हुए इस अनऑफिशियल टेस्ट में प्लेइंग 11 का हिस्सा भी हैं। बुमराह जो पिछले काफी समय से फिटनेस की समस्या के चलते टेस्ट मुकाबले नहीं खेल रहे थे वह अब पूरी तरह से फिट होकर वापसी कर रहे हैं। ऐसे में इस अनऑफिशियल टेस्ट में उनकी फिटनेस और फॉर्म को लेकर नजरें रहेंगी।

ये भी पढ़ें

जी कमलिनी ने टी20 मैच में लगाए 6 छक्के, 59 गेंदों में जड़ दिए 101 रन, टीम को मिली बड़ी जीत

ICC का बड़ा ऐलान, नेपाल में खेला जाएगा वर्ल्ड कप क्वालीफायर, शेड्यूल का हुआ ऐलान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।