भारत के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। इससे पहले वह आयरलैंड के खिलाफ हुई सीरीज में भी टीम का हिस्सा थे। आयरलैंड सीरीज से लेकर अब तक कुल 3 मैच हो चुके हैं, लेकिन वैभव को अभी तक डेब्यू का मौका नहीं मिला है। इसलिए फैंस अब बहुत उत्सुकता से उनके खेलने का इंतजार कर रहे हैं। अगर वैभव दूसरे टी20 मैच में खेलते हैं, तो यह इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका पहला मुकाबला होगा। वैसे, उनके पास पहले से ही इंग्लैंड में खेलने का अनुभव है क्योंकि पिछले साल उन्होंने वहां यूथ टेस्ट और वनडे मैच खेले थे। आइए आपको बताते हैं कि वहां उनका प्रदर्शन कैसा रहा था।
इंग्लैंड में यूथ वनडे और टेस्ट खेल चुके हैं वैभव
साल 2025 में वैभव सूर्यवंशी यूथ टेस्ट और वनडे मैच खेलने के लिए इंग्लैंड गए थे। इस दौरान इंग्लैंड के खिलाफ यूथ टेस्ट में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था, लेकिन यूथ वनडे में उन्होंने बल्ले से तबाही मचाई थी। इंग्लैंड के खिलाफ यूथ टेस्ट में उनके प्रदर्शन की बात करें तो वहां उन्हें दो मैच खेलने का मौका मिला था और वहां 4 पारियों में वह 22.50 की औसत से 90 रन बनाने में कामयाब रहे थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 125 का रहा था। उनके बल्ले से इस दौरान एक अर्धशतक आया था। उनका हाईएस्ट स्कोर 56 रन का रहा है।
यूथ वनडे में कैसा रहा था वैभव का प्रदर्शन?
पिछले साल इंग्लैंड में यूथ वनडे मैचों में वैभव का प्रदर्शन लाजवाब रहा था। वहां उन्हें पांच मैचों में खेलने का मौका मिला था और इस दौरान 5 पारियों में वह 71 की शानदार औसत के साथ 355 रन बनाने में कामयाब रहे थे। इस यूथ वनडे सीरीज में एक शतक और एक अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे थे। इस दौरान उन्होंने 174.01 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। वहां उनका हाईएस्ट स्कोर 143 रन का था।
आईपीएल 2026 में वैभव का प्रदर्शन रहा था शानदार
वैभव के पास इंग्लैंड में व्हाइट बॉल से खेलने का अनुभव है और वह वहां की पिचों और माहौल को अच्छी तरह समझते हैं। इसलिए उम्मीद है कि अगर उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज में मौका मिलता है, तो वह शानदार बल्लेबाजी करेंगे। इससे पहले वैभव ने आईपीएल 2026 में भी बेहतरीन खेल दिखाया था और सबसे ज्यादा रन बनाकर 'ऑरेंज कैप' अपने नाम की थी। अभी हाल ही में श्रीलंका में हुई ट्राई-सीरीज के फाइनल मैच में भी उन्होंने जबरदस्त बल्लेबाजी की थी।
यह भी पढ़ें
टी20 इंटरनेशनल में भारत-इंग्लैंड के सबसे बड़े बल्लेबाजी रिकॉर्ड, किसने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन?
भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान, किन प्लेयर्स को मिला मौका