भारत और आयरलैंड की टीम के बीच में 26 जून से दो मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी, जिसके दोनों ही मुकाबले मेजबान आयरलैंड के बेलफास्ट स्थित सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में होंगे। इस सीरीज से जहां श्रेयस अय्यर टी20 इंटरनेशनल में अपनी कप्तानी का आगाज करेंगे तो वहीं सभी की नजरें 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू को लेकर भी टिकी हुई हैं। वहीं टीम इंडिया जहां इस सीरीज में हिस्सा लेने के लिए बेलफास्ट पहुंच चुकी है तो वहीं वैभव का जलवा वहां पर जमकर देखने को मिल रहा है जिसमें टिकटों को लेकर भी जमकर मारामारी देखने को मिल रही है, जिसके चलते आयोजकों की टेंशन भी बढ़ गई है।
यूरोप के कई देशों से बेलफास्ट पहुंच रहे फैंस
दो मैचों की भारत और आयरलैंड के बीच में होने वाली इस सीरीज को लेकर पूर्व भारतीय और आयरलैंड क्रिकेट खिलाड़ी एमवी नरसिम्हा राव ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए अपने बयान में बताया कि यूरोप के कई देशों से फैंस बेलफास्ट पहुंचना चाहते हैं। स्टॉर्मोंट स्टेडियम की सीमित क्षमता के कारण इस सीरीज के मुकाबलों के लिए टिकटों की भारी मांग देखने को मिल रही है। सिर्फ आयरलैंड ही नहीं बल्कि यूरोप समेत कई अन्य शहरों से भी फैंस इस सीरीज के मुकाबले देखने आना चाहते हैं। ऐसे में आयोजकों के लिए सभी को मैनेज करने की एक बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। हर कोई वैभव सूर्यवंशी को खेलते हुए देखना चाहता जिनको लेकर यहां पर फैंस के बीच काफी जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। मैंने सुना है कि स्टेडियम की क्षमता को 4200 से बढ़ाकर 7000 करने के लिए अस्थायी स्टैंड बना रहे हैं ताकि अधिक दर्शक आ सकें।
भारतीय टीम का अब तक रहा आयरलैंड के खिलाफ 100 फीसदी जीत का रिकॉर्ड
टीम इंडिया का आयरलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में हेड टू हेड रिकॉर्ड देखा जाए तो वह 100 फीसदी देखने को मिला है। दोनों टीमों के बीच में अब तक कुल 8 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें सभी को टीम इंडिया ने अपने नाम किया है। वहीं आयरलैंड में अब तक भारतीय टीम ने मेजबान के खिलाफ 6 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और सभी को उन्होंने अपने नाम किया है।
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद ने खेली ताबड़तोड़ 168 रनों की पारी, लगाए 6 छक्के और 19 चौके