एक ओर जहां भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज खेली जा रही है, वहीं सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के भी मुकाबले लगातार जारी हैं। यहां भारतीय बल्लेबाज अपना जलवा दिखा रहे हैं। चुंकि ये टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट पर होता है, इसलिए आईपीएल टीमों की भी नजर इस पर रहती है। इस बीच भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सभी की नजर में रहते हैं। लेकिन वे इस टूर्नामेंट में अभी तक एक भी बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हुए हैं। भारत की ए टीम में उनके जोड़ीदार आयुष म्हात्रे ने इस टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने में सफलता हासिल की है।
सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में जमकर रन बना रहे हैं आयुष म्हात्रे
सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी आयुष म्हात्रे हैं। उन्होंने तीन मैच खेलकर 232 रन बना लिए हैं। इतना ही नहीं, वे अब तक इस टूर्नामेंट में दो शतक लगाने वाले अकेले बल्लेबाज हैं। आयुष म्हात्रे सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में मुंबई की ओर से खेलते हैं और इस वक्त गजब की बल्लेबाजी कर रहे हैं। आयुष म्हात्रे का औसत इस टूर्नामेंट में अब तक 232 का है। आयुष ने इस सीजन पहले विदर्भ के खिलाफ नाबाद 110 रन ठोके और इसके बाद आंध्रा के खिलाफ भी 104 रन बनाए और आउट नहीं हुए। बैक टू बैक दो शतक लगाने और हर बाद नाबाद रहने के कारण उनका औसत इस वक्त आसमान छू रहा है।
वैभव सूर्यवंशी का बल्ला पूरी तरह से खामोश
इस बीच बात अगर वैभव सूर्यवंशी की करें तो उनका बल्ला अब तक इस टूर्नामेंट में उस तरह से नहीं चला है, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। वैभव बिहार के लिए खेल रहे हैं। पहले मैच में चंडीगढ़ के खिलाफ उनके बल्ले से केवल 14 रन आए। इसके बाद दूसरे मैच में उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाफ केवल 13 रन की पारी खेली और फिर जम्मू कश्मीर के खिलाफ उन्होंने पांच ही रन बनाए और आउट हो गए। यानी उनके रनों की संख्या लगातार गिरती जा रही है।
अंडर 19 एशिया कप में दिखेगा आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी का जलवा
वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे भले ही सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में अलग अलग टीमों से खेलते हों, लेकिन जब भारत की युवा टीम उतरती है तो दोनों एक साथ बैटिंग करते हैं। इसी महीने अंडर 19 एशिया कप का आयोजन किया जाना है। इसके लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम की कमान आयुष म्हात्रे के पास है और वैभव सूर्यवंशी भी टीम के हिस्सा हैं। उसमें दोनों को एक साथ देखना काफी रोचक होने वाला है। देखना होगा कि बाकी बचे सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी कितने रन बनाते हैं, साथ ही जब एशिया कप में उतरेंगे तो कैसा प्रदर्शन करते हैं।
यह भी पढ़ें
सचिन तेंदुलकर के इस वर्ल्ड रिकॉर्ड के पीछे पड़े विराट कोहली, क्या कर पाएंगे ये कारनामा?