1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी का फिर आया तूफान, करीब 200 के स्ट्राइक रेट से जड़ दिए इतने रन

वैभव सूर्यवंशी का फिर आया तूफान, करीब 200 के स्ट्राइक रेट से जड़ दिए इतने रन

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Dec 16, 2025 12:01 pm IST,  Updated : Dec 16, 2025 12:01 pm IST

14 साल के वैभव सूर्यवंशी का अंडर-19 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन जारी है। वैभव ने मलेशिया के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ा।

Vaibhav Suryavanshi - India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : PTI

Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी जब भी मैदान पर उतरते हैं, तो सभी को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होती है। वैभव वर्तमान में U19 एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ACC U19 एशिया कप 2025 के 10वें मैच में भारत और मलेशिया आमने-सामने हैं। भारतीय टीम लगातार 2 मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। अब टीम इंडिया की निगाहें जीत की हैट्रिक जमाने पर लगी है। टूर्नामेंट के पहले मैच में भारतीय अंडर-19 टीम ने UAE को 234 रनों के बड़े अंतर से हराया था। इस मैच में सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 95 गेंदों पर 171 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी और प्लेयर ऑफ द मैच बने। हालांकि, अगले ही मैच में पाकिस्तान के खिलाफ वैभव का बल्ला शांत रहा और वो सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

वैभव का तूफानी अर्धशतक

पाकिस्तान के खिलाफ फ्लॉप शो के बाद वैभव ने शानदार वापसी की और मलेशिया के खिलाफ तूफानी पारी खेलते हुए शानदार अर्धशतक जड़ दिया। वैभव ने भारतीय पारी का धमाकेदार अंदाज में आगाज किया और एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद क्रीज पर पैर जमाते हुए तेजी से रन बटोरे। वैभव ने मलेशिया के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 200 के स्ट्राइक रेट से अर्धशतक जड़ने का बड़ा कारनामा किया। 25 गेंदों पर अर्धशतक जड़ने के बाद वैभव की नजरें तेजी से शतक पूरा करने पर लगी थी कि तभी मलेशियाई गेंदबाज मुहम्मद अकरम ने भारत को तीसरा झटका दे दिया। इस तरह वैभव की तूफानी पारी महज 50 रनों पर समाप्त हो गई। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 5 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए।

कप्तान ने किया निराश

इससे पहले मलेशिया के कप्तान दीयाज पात्रो ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी भारतीय पारी का आगाज करने उतरे, हालांकि दोनों बल्लेबाज मिलकर सिर्फ 21 रन स्कोरबोर्ड पर जोड़ सके। कप्तान 14 रन बनाकर दूसरे ही ओवर में पवेलियन लौट गए। इसके बाद 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर विहान मल्होत्रा भी आउट हो गए। विहान ने सिर्फ 7 रनों का योगदान दिया। इसके बाद वैभव और वेदांत त्रिवेदी ने मिलकर टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी हुई।

भारत U19 (प्लेइंग XI): आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, उधव मोहन, किशन कुमार सिंह।

मलेशिया U19 (प्लेइंग XI): अजीब वाजदी, मोहम्मद हेयरिल (विकेटकीपर), मुहम्मद अफिनिद, दीयाज पात्रो (कप्तान), मुहम्मद आलिफ, मुहम्मद अकरम, हमजा पांगी, मुहम्मद फतहुल मुईन, नागिनेश्वरन सथनाकुमारन, जाशविन कृष्णमूर्ति, मुहम्मद नूरहानिफ।

यह भी पढ़ें:

तीसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से उठ गया पर्दा, कप्तान के साथ धाकड़ गेंदबाज की हो गई वापसी

श्रीलंका के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान अर्जुन रणतुंगा पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल