1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली ने धमाकेदार पारी से की रोहित शर्मा की बराबरी, धोनी को छोड़ दिया पीछे

विराट कोहली ने धमाकेदार पारी से की रोहित शर्मा की बराबरी, धोनी को छोड़ दिया पीछे

 Written By: Vanson Soral
 Published : Apr 20, 2025 08:11 pm IST,  Updated : Apr 20, 2025 08:19 pm IST

विराट कोहली की शानदार पारी की बदौलत RCB की टीम ने पंजाब किंग्स को 7 विकेट से हरा दिया। कोहली ने नाबाद 73 रनों की पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

Virat Kohli - India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : GETTY

Virat Kohli equals Rohit Sharma: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी RCB ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 37वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से मात दी। पंजाब के 158 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB ने 3 विकेट खोकर सात गेंद पहले ही 159 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। RCB की इस शानदार जीत में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल का अहम योगदान रहा, जिन्होंने कमाल की अर्धशतक जड़े। विराट कोहली ने 54 गेंदों पर 1 छक्के और 7 चौके के दम पर 73 रनों की पारी खेली और नाबाद लौटे। इस शानदार पारी की बदौलत विराट कोहली ने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम करते हुए बड़ा कारनामा कर दिया।

विराट कोहली पहुंचे रोहित शर्मा के बराबर

दरअसल, विराट कोहली IPL में 19वीं बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने में सफल रहे। इसके साथ ही उन्होंने IPL में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के मामले में डेविड वॉर्नर और महेंद्र सिंह धोनी को पछाड़ दिया है जबकि रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। रोहित IPL में अब तक 19 प्लेयर ऑफ द मैच बने हैं। वहीं, विराट कोहली के नाम भी अब 19 प्लेयर ऑफ द मैच हो गए हैं। अब कोहली के पास रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए IPL में 20 या उससे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले पहले भारतीय और दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बनने का शानदार मौका है।

पहले नंबर पर ABD

IPL में अब तक सिर्फ 2 ही खिलाड़ी 20 या उससे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए हैं। इसमें पहले पायदान पर एबी डिविलियर्स हैं। एबीडी ने 25 बार ये अवॉर्ड IPL में अपने नाम किया है। वह IPL में सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी हैं। इसके बाद क्रिस गेल का नंबर आता है। गेल ने 22 बार IPL में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीता। तीसरे पायदान पर अब रोहित और विराट 19-19 P.O.M. अवॉर्ड के साथ मौजूद हैं।  

IPL में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी

  • 25 - एबी डिविलियर्स
  • 22 - क्रिस गेल
  • 19 - विराट कोहली*
  • 19 - रोहित शर्मा
  • 18 - डेविड वॉर्नर
  • 18 - एमएस धोनी

विराट कोहली ने पंजाब के खिलाफ मैच में शानदार अर्धशतक जड़ते हुए IPL में 67वीं बार 50+ स्कोर बनाया। इस तरह विराट के नाम IPL में सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया। उन्होंने डेविड वॉर्नर का कीर्तिमान ध्वस्त किया। 

IPL में सबसे ज्यादा बार 50+ रन बनाने वाले खिलाड़ी 

  • विराट कोहली- 67
  • डेविड वॉर्नर- 66
  • शिखर धवन- 53

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल