1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Virat Kohli: श्रीलंकाई दिग्गज का विराट कोहली की फॉर्म को लेकर बयान, केएल राहुल पर कहा- उन्हें हो सकती है परेशानी

Virat Kohli: श्रीलंकाई दिग्गज का विराट कोहली की फॉर्म को लेकर बयान, केएल राहुल पर कहा- उन्हें हो सकती है परेशानी

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Aug 10, 2022 03:36 pm IST,  Updated : Aug 10, 2022 03:36 pm IST

Virat Kohli: विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने आखिरी दौरे पर 6 पारियों में सिर्फ 76 रन बनाए थे। नवंबर 2019 के बाद से उन्होंने कोई भी इंटरनेशनल सेंचुरी नहीं लगाई है।

विराट कोहली और केएल...- India TV Hindi
विराट कोहली और केएल राहुल Image Source : GETTY IMAGES

Highlights

  • विराट कोहली के लिए बेहद खराब रहा था इंग्लैंड का हालिया दौरा
  • केएल राहुल ने फरवरी 2022 से नहीं खेला इंटरनेशनल क्रिकेट
  • एशिया कप 2022 की टीम के उपकप्तान हैं केएल राहुल और कोहली की ब्रेक के बाद वापसी

Virat Kohli: भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली का फॉर्म पिछले कुछ दिनों से चर्चा का विषय बना हुआ है। क्रिकेट की दुनिया के कई दिग्गज उन्हें लगातार कई टिप्स भी दे रहे हैं। उसी कड़ी में श्रीलंका के पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने ने कहा कि, भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली बेहतरीन खिलाड़ी हैं और वह लंबे समय से चली आ रही अपनी खराब फॉर्म से उबरने में सक्षम हैं। कोहली और पूर्ण फिटनेस हासिल करने वाले केएल राहुल ने एशिया कप के लिए भारत की 15 सदस्य टीम में वापसी की है। 

आपको बता दें कि एशिया कप दुबई और शारजाह में 27 अगस्त से 11 सितंबर के बीच खेला जाएगा। कोहली पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने नवंबर 2019 के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई शतक नहीं लगाया है। वह इंग्लैंड दौरे में सभी प्रारूपों की छह पारियों में केवल 76 रन बना पाए थे। उन्होंने इस बीच पिछले साल स्थगित किए गए पांचवें टेस्ट मैच, दो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच और इतने ही टी20 में भाग लिया था। इस पूर्व कप्तान को वेस्टइंडीज दौरे और जिंबाब्वे के खिलाफ होने वाली वनडे श्रृंखला के लिए विश्राम दिया गया था। 

जयवर्धने ने ‘आईसीसी रिव्यू’ के कार्यक्रम में कहा, ‘‘विराट अभी जिस दौर से गुजर रहे हैं वह दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन वह बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मेरा मानना है कि विराट के पास इस दौर से बाहर निकलने के लिए सभी साधन हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वह इस खराब दौर से उबरने में सफल रहेगा। फॉर्म अस्थायी होती है जबकि आपका कौशल स्थायी होता है।’’ 

इंग्लैंड दौरे पर विराट कोहली का प्रदर्शन
Image Source : INDIA TVइंग्लैंड दौरे पर विराट कोहली का प्रदर्शन

'राहुल को हो सकती है परेशानी'

राहुल कोविड-19 के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 श्रृंखला में नहीं खेल पाए थे। उनकी एशिया कप के लिए उप कप्तान के रूप में वापसी हुई है। जयवर्धने का मानना है कि लंबे समय से मैच नहीं खेलने के कारण राहुल को परेशानी हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘यह (राहुल का कम क्रिकेट खेलना) भारत के लिए चिंता का विषय हो सकता है। वह इंडियन प्रीमियर लीग के बाद बाहर थे। ऐसे में उनके लिए क्रीज पर समय बिताना महत्वपूर्ण होगा। उन्हें जितना जल्दी मैच खेलने को मिले और वह जितना समय क्रीज पर बिताते हैं उससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। इससे उन्हें और राष्ट्रीय टीम को फायदा मिलेगा।’’

Asia Cup 2022 Squad: टीम इंडिया के पास मौजूद सिर्फ 3 तेज गेंदबाज, केएल राहुल और विराट कोहली को लेकर सता रहा ये डर

राहुल के फेल होने पर किससे करवाएं ओपनिंग? 

श्रीलंका के पूर्व कप्तान का मानना है कि अगर राहुल वापसी पर प्रभाव नहीं छोड़ पाते हैं तो भारत को रोहित शर्मा के साथ बाएं हाथ के किसी बल्लेबाज विशेषकर ऋषभ पंत को पारी का आगाज करने के लिए भेजना चाहिए। पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में दो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों में पारी की शुरुआत की थी। जयवर्धने ने कहा, ‘‘उन्होंने (पंत) भले ही घरेलू स्तर पर पर्याप्त मौकों पर पारी की शुरुआत नहीं की हो लेकिन वह ऐसा करने में सक्षम हैं। वह किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करें आप उनका खेल नहीं बदल सकते। वह आक्रामक खिलाड़ी हैं और पारी का आगाज करने के लिए वह एक विकल्प हो सकते हैं।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल