1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आईपीएल फाइनल में विराट कोहली बना सके हैं केवल इतने ही रन, क्या इस बार गरजेगा किंग का ​बल्ला

आईपीएल फाइनल में विराट कोहली बना सके हैं केवल इतने ही रन, क्या इस बार गरजेगा किंग का ​बल्ला

 Published : May 30, 2025 07:47 pm IST,  Updated : May 30, 2025 07:47 pm IST

विराट कोहली अब तक तीन बार आईपीएल का फाइनल खेल चुके हैं, लेकिन उनके नाम केवल एक ही अर्धशतक है। उनके बल्ले से उस तरह से रन नहीं बने हैं, जिसके लिए वे आज की तारीख में जाने और पहचाने जाते हैं।

virat kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : PTI

Virat Kohli IPL Final: दुनिया के सबसे धाकड़ बल्लेबाजों में से एक विराट कोहली एक बार फिर से आईपीएल के फाइनल में खेलते हुए नजर आएंगे। वैसे तो कोहली अब तक तीन बार आईपीएल का फाइनल खेल चुके हैं, लेकिन इस बार ये मौका 9 साल बाद आया है, इसलिए कौतूहल ज्यादा है। हालांकि अगर पिछले तीन फाइनल पर नजर डालें तो पता चलता है कि अब तक कोहली का बल्ला खिताबी भिड़ंत में बहुत कम चला है, लेकिन क्या इस बार किंग कोहली का बल्ला उसी तरह से गरजेगा, जिसके लिए वे जाने और पहचाने जाते हैं, ये देखना जरूर दिलचस्प होगा। 

विराट कोहली ने पहला आईपीएल फाइनल किस साल खेला था?

विराट कोहली ने आईपीएल का पहला फाइनल साल 2009 में ही खेल लिया था। उस साल डेक्कन चार्जर्स और आरसीबी के बीच ये मुकाबला हुआ था। विराट कोहली नंबर छह पर बल्लेबाजी के लिए आए थे और वे आठ बॉल पर केवल सात रन बनाकर आउट हो गए थे। उस मैच में आरसीबी को 6 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद दूसरा मौका आया साल 2011 में। उस साल चेन्नई सुपरकिंग्स और आरसीबी के बीच आईपीएल का फाइनल खेला गया। इस मैच में कोहली ओपनिंग कर रहे थे, इस दौरान उन्होंने 32 बॉल पर 35 रनों की पारी खेली थी। लेकिन उनकी टीम को 58 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। 

कोहली ने आईपीएल का आखिरी फाइनल कब खेला और कितने रन बनाए?

साल 2016 में एक बार ​फिर से विराट कोहली को आईपीएल खेलने का मौका मिला। तब आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने सामने थीं। इस बार विराट कोहली ने 35 बॉल पर 54 रनों की पारी खेली थी। ये उनका आईपीएल फाइनल में पहला और आखिरी अर्धशतक है। इसके बाद टीम फाइनल नहीं खेल पाई, खिताब जीतने की तो बात ही दूर की है। अब इस साल फिर से आरसीबी ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। 

अब तक कैसा रहा है विराट कोहली का आईपीएल फाइनल में प्रदर्शन?

कुल मिलाकर देखें तो विराट कोहली अब तक तीन आईपीएल खेलकर कुल 96 रन ही बना सके हैं, यानी पूरे 100 उनके खाते में नहीं हैं। इसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 54 रन का है। उनका औसत करीब 32 का है और वे 128 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते रहे हैं। अब देखना यही होगा कि क्या इस बार विराट कोहली बड़ी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने में कामयाब हो पाते हैं या फिर खिताब का सपना इस बार भी चूर चूर हो जाएगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल