इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होगा जिसको शुरू होने में अब अधिक दिनों का समय नहीं बचा है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के लिए अपनी ट्रेनिंग को शुरू कर दिया है, जिसमें उनके सबसे अहम खिलाड़ी विराट कोहली भी लंदन से वापस आने के बाद स्क्वाड के साथ जुड़ गए हैं। विराट कोहली काफी लंबे ब्रेक के बाद मैदान पर खेलते हुए दिखाई देंगे, जिसको लेकर उन्होंने ट्रेनिंग भी शुरू कर दी जिसमें उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जहां वह भुवनेश्वर कुमार की गेंद को समझने में पूरी तरह से चूक गए।
भुवनेश्वर की गेंद पर बिगड़ा कोहली का बैलेंस
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच कराए जाने की अनुमति मिलने के बाद अब वहां पर अभ्यास करना शुरू कर दिया है। इसी दौरान विराट कोहली ने भी लंबे ब्रेक के बाद नेट सेशन में बल्लेबाजी का लंबा अभ्यास किया जिसमें उनका भुवनेश्वर कुमार की एक गेंद पर पूरी तरह से चकमा खाने का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। भुवी की इस यॉर्कर गेंद पर कोहली को समझ ही नहीं आया कि किस तरफ शॉट खेला जाए जिसके बाद उनका बल्ला जहां हवा में ही रह गया तो वहीं उनके पैरों का बैलेंस भी पूरी तरह से बिगड़ गया। कोहली के लिए आईपीएल का ये सीजन काफी अहम रहने वाला है क्योंकि इंटरनेशनल टी20 से रिटायरमेंट लेने के अब वह सिर्फ आईपीएल में इस फॉर्मेट में खेलते हुए दिखते हैं।
कोहली के पास आईपीएल में बड़ा इतिहास रचने का मौका
आईपीएल के 18 साल के इतिहास में देखा जाए तो विराट कोहली के नाम पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है, जिसमें उन्होंने 267 मैचों में खेलते हुए 8661 रन बनाए हैं। कोहली के पास ऐसे में 19वें सीजन में एक बड़ा इतिहास रचने का मौका है जिसमें वह आईपीएल के इतिहास में पहले ऐसे बल्लेबाज बन सकते हैं जो 9000 रनों का आंकड़ा पार करेंगे। हालांकि इसको लेकर कोहली को बल्ले से काफी बेहतर प्रदर्शन करना होगा। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी की टीम 19वें सीजन में अपने अभियान का आगाज 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगी।
ये भी पढ़ें
IPL 2026 से पहले पंजाब किंग्स को झटका, स्टार गेंदबाज शुरुआती मैचों से बाहर!
IPL 2026 से बाहर होने की मची होड़, अब SRH का धाकड़ खिलाड़ी पूरे सीजन से हो गया बाहर